मेरठ। जहरखुरानी गिरोह के तीन सदस्यों ने शुगर मिलकर्मी को बिस्किट में नशा देकर 2.04 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित कई दिन तक अर्द्धबेहोशी की हालत में रहा। पीड़ित ने सदर बाजार थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है।
सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र के गांव रणखंडी निवासी सहेंद्र सिंह बुलंदशहर के साबितगढ़ स्थित शुगर मिल में नौकरी करते हैं। 13 जून की रात करीब आठ बजे वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर बस से अपने घर के लिए चले थे। उनके बराबर वाली सीट पर तीन युवक बैठे थे। आरोप है कि इन युवकों ने सोची-समझाी साजिश के तहत सहेंद्र सिंह से बातचीत करनी शुरू कर दी। कुछ ही देर में तीनों सहेंद्र सिंह से काफी ज्यादा घुल-मिल गए और बताया कि उन्हें भी सहारनपुर जाना है। बस बेगमपुल पहुंची तो आरोपियों ने उन्हें एक बिस्कुट खाने के लिए दिया और पानी पिलाया।
बिस्किट खाते ही सहेंद्र सिंह अचेत हो गए। आरोपियों ने उनके पास मौजूद बैग से मोबाइल, दो एटीएम कार्ड और 10 हजार रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पीड़ित को लगभग बेहोशी की हालत में बेगमपुल के शिवाजी चौक पर उतार दिया। 13 जून की मध्यरात्रि से 14 जून की रात तक वह बेहोशी की हालत में वहीं पड़े रहे। 14 जून को रात 10 बजे पुलिसकर्मियों ने उन्हें उठाने का प्रयास किया तो उन्होंने अपना नाम व पता बताया। पुलिसकर्मियों ने उनके घर फोन किया तो परिजन आकर उन्हें घर ले गए और उपचार कराया। होश में आने पर उन्होंने परिजनों को अपने साथ हुई घटना के बारे में परिजनों को बताया। तबीयत ठीक होने के बाद पीड़ित को पता चला कि 14 जून से 15 जून तक आरोपियों ने उनके मोबाइल और एटीएम के माध्यम से उनके खाते से 1.94 लाख रुपये अलग-अलग खातों में धोखाधड़ी से ट्रांसफर कर लिए।
सीओ कैंट संतोष कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनके बारे में भी बैंक से जानकारी हासिल की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।