मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र में दुकान मालिक व किरायेदार पक्ष के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर रविवार सुबह जमकर मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी फैल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर कुछ ही देर में वायरल हो गया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच में लग गई है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सेक्टर पांच निवासी मनोज कपूर ने जयदेवी नगर निवासी नानकचंद को लगभग बीस वर्ष पूर्व बाजार में एक दुकान किराए पर दी थी। इसमें नानकचंद कपड़ों व रूई-गद्दों का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि वह पांच वर्ष से वह दुकानदार से दुकान खाली करने के लिए कह रहे हैं। मगर दुकानदार दुकान खाली नहीं कर रहा है। रविवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इसी बीच एक राहगीर ने मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने आ गई। एसपी सिटी का कहना है कि दुकान मालिक की ओर से तहरीर मिल गई है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।