दौराला। हल्की बूंदाबांदी होते ही सरधना रोड वाहन चालकों की दुश्मन बन जाती है। दरअसल शुगर मिल से निकलने वाली मैली सड़क पर गिर जाने से यहां हल्की सी बारिश में फिसल हो जाती है और वाहन चालक गिरकर घायल हो जाते हैं। सोमवार को भी दर्जनभर बाइक सवार मैली के चलते फिसल जाने से घायल हो गए।
सरधना रोड पर स्थित गांव चिरौड़ी के पास दौराला शुगर मिल का बायो कम्पोस्ट प्लांट लगा है। मिल से निकलने वाली मैली यहां डाली जाती है और किसानों के खेत तक पहुंचाई जाती है। ट्रकों में भरकर ले जाने के दौरान मैली सरधना रोड पर गिर जाती है, जिस कारण हल्की सी बारिश में यहां फिसलन हो जाती है। पूर्व में भी यहां कई बार हादसे हो चुके है, लेकिन अधिकारियों की हीलाहवाली के चलते लोग हल्की सी बारिश में यहां फिसलकर घायल हो जाते हैं। सोमवार को भी सरधना निवासी नसीम बाइक पर सवार होकर दौराला आने के दौरान फिसलकर घायल हो गया। इसके कुछ देर बाद राकेश की बाइक भी फिसल गई और वह भी घायल हो गया। वहीं, लावड़ रोड पर काली नदी के पुल पर भी एक बाइक फिसलने से एक महिला गिरकर घायल हो गई। गनीमत रही कि पीछे से आ रहे कैंटर चालक ने तेजी से ब्रेक लगा दिए, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। दिनभर एक के बाद एक दर्जनभर बाइक सड़क पर फिसलन होने के कारण गिरती रहीं। स्थानीय लोगों ने मिल प्रशासन को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद मिल ने सड़क पर खोई डाली। वहीं, इस मामले में माछरा स्थित एक कॉलेज के शिक्षक ने डीएम से मामले की शिकायत कर मिल प्रशासन पर कार्रवाई की मांग की है।