हस्तिनापुर। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत कस्बे के हजारों लोग आज भी सुविधाओं का अभाव में जी रहे हैं। हस्तिनापुर कस्बे की आबादी लगभग 35 हजार है। नगर पंचायत होने के बावजूद यहां विभिन्न वार्डों में समस्याओं का अंबार है। कस्बे में व्यस्त रहने वाली कई सड़कें जर्जर हैं। वहीं, आपराधिक घटनाओं पर नजर रखने के लिए कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए हैं। पेयजल आपूर्ति भी घरों में सुचारू रूप से नहीं पहुंच रही है।
सरकार ने लोगों को बेहतर सुविधा देने के लिए नगर पंचायत का दर्जा दिया। इसमें बड़े पैमाने पर कर्मचारी तैनात किए हैं। इसके बावजूद कस्बे के लोगों को सड़कों पर जलभराव होने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्वामी कल्याण देव डिग्री कॉलेज के समीप चौराहे पर जलभराव है। वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज रोड से बंगाली बाजार जाने वाले रास्ते पर गैस एजेंसी के समीप जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। वहीं, कस्बे के सी ब्लॉक, शकुंतला कॉलोनी, जे ब्लॉक और वहीं, बंगाली बाजार से हाइडिल विभाग की कॉलोनी तक सड़क जर्जर हैं। जिनसे गुजरने के लिए राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश में सड़कें तालाबों में तब्दील हो जाती हैं। इसके बावजूद नगर पंचायत के अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं है। वहीं, पेयजल आपूर्ति भी लोगों को परेशानी में डाल रही है।
शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार
कस्बा स्थित नेहरू पार्क और सामुदायिक स्वास्थ्य के मध्य सड़क पर नाला चोक हो जाने से पानी भर जाता है। जिसकी शिकायत बाजार के ठेकेदार और अन्य दुकानदारों ने कई बार नगर पंचायत के अधिकारियों से की परंतु उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। शुक्रवार के साप्ताहिक बाजार में लोगों परेशानी से जूझना पड़ता है।
भीड़ वाली जगह पर नहीं लगाए सीसीटीवी कैमरे
कस्बे में कई स्थानों पर काफी भीड़ रहती है। जिनमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थाना क्षेत्र बंगाली बाजार चौराहा ऊधम सिंह चौक, सिविल लाइन, गोल मार्केट में रोज हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। इनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां आज तक सीसीटीवी नहीं लगाए गए हैं। जिससे इन स्थानों पर आपराधिक वारदात की आशंका रहती है।
धार्मिक स्थलों पर भी नहीं है नजर
ऐतिहासिक नगरी में दर्जनों प्राचीन ऐतिहासिक स्थल हैं। यहां देश के कोने-कोने से हजारों श्रद्धालुओं की आवाजाही का सिलसिला रहता है। इन स्थानों पर भी सीसीटीवी की जरूरत नहीं समझी गई।
जगह-जगह पाइप लाइन लीकेज
एक तरफ देश में पानी का संकट बना हुआ है तो दूसरी तरफ हस्तिनापुर में पानी बर्बादी की जा रही है। कस्बे में कई जगह पेयजल पाइप लाइन लीकेज हैं। जिनसे लगातार पानी बहता रहता है। नगर पंचायत के अधिकारी और कर्मचारियों ने इन्हें दुरुस्त करना उचित नहीं समझते हैं।
कई जगह लगे हैं गंदगी के ढेर
स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान अंतर्गत नगर पंचायत को प्रथम स्थान दिलाने का प्रयास जारी है परंतु बाजार समेत कस्बे में कई जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। जिससे कस्बे के लोगों ने सफाई अभियान अभियान पर सवाल उठाए हैं।
इनका कहना है
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्र का कहना है कस्बे की एक-दो सड़क का बजट आ चुका है। जल्द ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। बाकी सड़कों का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। कस्बे में लोगों की सुरक्षा को देखते हुए जल्द ही बोर्ड बैठक में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का प्रस्ताव रखा जाएगा।