मेरठ/सरधना। टेंपो में तेज आवाज में गाना बजाने से मना करने पर मुजफ्फरनगर के हनुमान चौक किला मोहल्ला निवासी रोहित उर्फ रोनू (28) की सोमवार शाम ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को रार्धना-अक्खेपुर मार्ग पर स्कूल के पास मोबिल ऑयल से जला दिया। हालांकि शव पूरी तरह जल नहीं सका। परिजनों ने मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की पहचान की।
रोहित की मौसी मदनवती की तहरीर पर सरधना थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग टेंपो चालक ने विवाद के बाद रोहित से दोस्ती की और फिर शराब पिलाकर वारदात की। नाबालिग टेंपो चालक को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।
सरधना थाना क्षेत्र के गांव ज्वालागढ़ निवासी अंकित कश्यप ने बताया कि उसका मौसेरा भाई रोहित मुंबई में शादी समारोह में हलवाई का काम करता था। सोमवार को वह मुंबई से घर लौटा था और शाम को मौसी के घर ज्वालागढ़ जाने के लिए गांव दादरी से टेंपो में बैठा था। रास्ते में टेंपो में नाबालिग चालक ने तेज आवाज में गाना चलाया तो उसने मना किया। इस बात पर उसका चालक से विवाद हो गया। बाद में समझौता हो गया और दोनों ने सलावा में शराब खरीदी। शराब पीने और चाउमीन खाने के बाद वे रार्धना चौराहे पहुंचे, यहां फिर से शराब पी। इसी दौरान दोनों के बीच फिर से दोबारा कहासुनी और मारपीट हुई। इसी दौरान चालक ने ईंट से सिर पर वार कर रोहित की हत्या कर दी।
चौकीदार ने जलता हुआ देखा शव
चौकीदार ने शव जलता देख मचाया शोर सोमवार देर रात स्कूल के चौकीदार जनक सिंह ने युवक की लाश जलती देखी और शोर मचाया। सूचना पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आग से शव बाहर निकाला। शव का ऊपरी हिस्सा जल चुका था। मौके से शराब की बोतलें और अन्य सामान भी बरामद हुआ। एसपी देहात अभिजीत कुमार, सीओ सरधना आशुतोष कुमार और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में कोहरा छाया होने के कारण कोई ठोस सुराग नहीं मिला। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जूते से की पहचान
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जाएगी। घटनास्थल से साक्ष्यों को कब्जे में लिया है। मौसी और परिजनों ने मंगलवार को मोर्चरी जाकर जूते से शव की पहचान की। आरोपी ने आसपास पड़े पेड़ों के सूखे पत्ते और कपड़ों की कतरनों से रोहित के शव को आग लगाई। घने कोहरे में आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। जलते हुए शव का वीडियो भी वायरल हुआ है।
फोन पर मौसी को दी हमले की सूचना
मौसी मदनवती ने बताया कि रोहित ने सोमवार देर शाम उन्हें फोन कर कहा था कि वह उनके घर आ रहा है। कुछ समय बाद बताया कि टेंपो में गाना बजाने पर उसका चालक से विवाद हो गया। फिर फोन कर बताया कि सलावा में कुछ युवक उसके पास मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद उसने कॉल कर बताया कि ये लोग राणा प्रताप चौक ज्वालागढ़ आ गए हैं और मेरे साथ मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद उसका फोन नहीं आया। परिजन पूरी रात उसे तलाशते रहे। सुबह पुलिस ने बताया कि एक युवक की लाश मिली है। उसका सामान भी नहीं मिला।
अन्य की भूमिका की जांच जारी : एसपी
एसपी देहात अभिजीत कुमार का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई नाबालिग से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सामने आएगी। वारदात में नाबालिग के अलावा कोई और शामिल है या नहीं। इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
सरधना। गांव अक्खेपुर के जंगल में हत्या कर जलाया गया शव। सोशल मीडिया
सरधना। गांव अक्खेपुर के जंगल में हत्या कर जलाया गया शव। सोशल मीडिया