मवाना। हस्तिनापुर मार्ग पर सोमवार की रात नर्सरी पर किए गए जानलेवा हमले में घायल बालेश्वर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलवार को अंकित ने थाने में दी तहरीर में बताया था कि उसके पिता बालेश्वर बीते पांच वर्षों से नर्सरी में काम करते हैं। बालेश्वर ने हाल ही में 200 गज का प्लॉट बेचकर 6 लाख रुपये पार्टनर मां-बेटों को नर्सरी चलाने के लिए दिए थे। मां-बेटों ने 6 लाख रुपये हड़पने की नीयत से बालेश्वर को मरवाने की धमकी दी थी। सोमवार की रात आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर पिता को जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। जिनको गंभीर अवस्था में सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से मेरठ रेफर कर दिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर ऋषि, लोकेश, रवींद्र निवासी रामबाग व नवीन निलोहा और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। वहीं इलाज के दौरान बालेश्वर की बृहस्पतिवार की सुबह मौत हो गई। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन अपने साथ ले गए हैं। अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।