मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र निवासी यौन शोषण पीड़िता को न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही है। थाने से लेकर एसएसपी तक न्याय की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी सिपाही के खिलाफ केस दर्ज नहीं करा पा रही है। बृहस्पतिवार को फिर एसएसपी से मिलने पहुंची और सिपाही के खिलाफ शिकायत दी। सीओ ब्रह्मपुरी ने बताया कि सिपाही को लाइन हाजिर किया जा चुका है और जांच चल रही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ऑफिस पर बृहस्पतिवार को एक युवती ने शिकायत पत्र देते हुए बताया कि 14 अगस्त 2024 में ब्रह्मपुरी थाने में तैनात रहे सिपाही विवेक ने नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। सितंबर 2024 में पीड़िता को सदर थाना क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में बुलाया था। जहां सिपाही ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया था। आरोप है कि इसके बाद सिपाही ने उसके साथ यौन शोषण किया था। पुलिस में शिकायत करने पर सिपाही ने शादी का वादा किया था। सिपाही ने शादी का झांसा देकर कई बार उसका यौन शोषण किया था। युवती ने शादी के लिए कहा तो सिपाही ने मना कर दिया था। इसके बाद सिपाही ने सिटी स्टेशन पर कार के अंदर तमंचा दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने सिपाही के भाई पर हरियाणा के गैंगस्टर से हत्या कराने की भी धमकी देने का आरोप लगाया है।
सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना का कहना है कि मामला संज्ञान में है और उक्त सिपाही लाइन हाजिर किया जा चुका है। सिपाही-युवती के बयान दर्ज कराए जा चुके हैं। दोनों के नंबरों की सीडीआर मंगाई गई है और उसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।