थाना किठौर क्षेत्र के गांव नदल्लीपुर-बागवाला मार्ग पर धर्मकांटे के पास बुधवार देर शाम हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइकों की भिड़ंत में घायल हुए लखीमपुर खीरी के बथुआ टांडा निवासी 12 वर्षीय बच्चे अल्मू की भी बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान मेडिकल में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मेडिकल पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि एक अप्रैल बुधवार की शाम को साइफन चौकी क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो बाइकों में टक्कर मार दी थी। जिसमें गन्ने की छिलाई करके बाइक से वापस लौट रहे लखीमपुर निवासी अरशद और ब्रजमोहन तथा अरशद का भतीजा अल्मू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को परीक्षितगढ़ सीएचसी भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने अरशद और ब्रजमोहन को मृत घोषित कर दिया था। अल्मू की हालत गंभीर होने पर उसको मेडिकल रेफर कर दिया था। जहां पर बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान बालक अल्मू की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि लखीमपुर खीरी आदि कई जिलों के लोग मजदूरी के लिए आए हुए हैं। जो झुग्गी झोपड़ी डालकर रह रहे हैं। सीज़न खत्म होने के बाद वापस घर चले जाते हैं। हादसे के बाद बृहस्पतिवार को भी पीड़ितों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक की तलाश की जा रही है।