दौराला। थाना क्षेत्र के सकौती फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात ईंटों से लदे ट्रैक्टर-ट्राॅली के पिछले हिस्से में पीछे से खाली आ रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली ने जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने से ट्रैक्टर-ट्राॅली में ईंटों के ऊपर बैठा आठ वर्षीय बच्चा सड़क पर गिर गया था। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में परिजनों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है।
जनपद मुजफ्फरनगर के थाना खतौली क्षेत्र के गांव रतनपुरी निवासी अमित शनिवार को अपने ट्रैक्टर-ट्राॅली में ईंट लादकर गांव से दौराला क्षेत्र के मटौर गांव जा रहा था। इस दौरान अमित के साथ उसका आठ वर्षीय बेटा वंश ट्राॅली में लदी ईंटों के ऊपर बैठा था। सकौती फ्लाईओवर पर पहुंचने के बाद पीछे से एक चालक खाली ट्रैक्टर-ट्राॅली तेज रफ्तार में लेकर आ रहा था। सकौती फ्लाईओवर के ऊपर ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर आगे चल रहे अमित के ट्रैक्टर-ट्राॅली से हो गई थी। टक्कर लगते ही ईंटों पर बैठा बच्चा वंश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि फिलहाल तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।