- हाईवे पर खड़े मिले वाहन, रिफ्लेक्टर टेप भी नहीं लगाई
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। यातायात के नियमों का उल्लंघन करने, हाईवे पर वाहन खड़े करने और बगैर रिफ्लेक्टर लगे वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने अभियान चलाया। सुबह से शाम तक ऐसे लगभग 45 वाहनों के चालान किए गए और सभी को अपने वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने के सुझाव दिए।
कोहरे में हाईवे पर सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। कई बार चालक अपने वाहनों को हाईवे पर खड़ा कर लेते हैं। इस कारण वाहन टकरा जाते हैं। इन दुर्घटनाओं को कम करने के लिए परिवहन विभाग ने ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया है। शुक्रवार को परिवहन विभाग की टीम काशी टोल प्लाजा पहुंची। यात्री कर अधिकारी प्रीति पांडे ने कई वाहनों की चेकिंग की।
इस दौरान हाईवे पर नो पार्किंग में और खराब हालत में सड़क पर खड़े किए गए वाहनों पर कार्रवाई की गई। जिन वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टर टेप नहीं लगी थी, उन वाहनों के चालान किए गए। सड़क सुरक्षा नियमों का अनुपालन न करने पर लगभग 45 चालान किए गए। उन्होंने सभी को वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाकर ही कोहरे में वाहन चलाने के निर्देश दिए।