डिवाइडर रोड का मामला, पुलिस ने बाइक सीज की
गंगानगर। डिवाइडर रोड एक कॉलेज के पास में गश्त कर रहे इंस्पेक्टर की गाड़ी के सामने दो युवक बुलेट बाइक से गोले छोड़ते हुए तेजी के साथ निकले। पुलिस ने पीछा कर रोक लिया। 24 हजार का चालान काटते हुए बाइक सीज कर दी।
सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि थाना गंगानगर थाने की गाड़ी में इंस्पेक्टर अनूप सिंह गश्त कर रहे थे, तभी डिवाइडर रोड पर दो युवक बिना नंबर की बुलेट बाइक पर गोले छोड़ते हुए तेजी से निकले। पुलिस ने बाइक सवारों का पीछा कर उसे आईआईएमटी यूनिवर्सिटी के पास पकड़ लिया। बाइक चला रहे युवक ने अपना नाम नितिन बताया। बाइक मनोज राठी के नाम पर थी। पुलिस ने बाइक का 24 हजार रुपये का चालान करते हुए बाइक सीज कर दी। गंगानगर पुलिस ने एक माह में गोले छोड़ने वाली तीन बाइकों को सीज किया है।