मेरठ। बेगमपुल से परतापुर इंटरचेंज तक 15 मिनट में पहुंचने की कवायद के तहत सोमवार को पहले चरण में जागरूकता अभियान चलाया गया। पहले दिन बेगमपुल से भैसाली बस अड्डे तक चलाए गए अभियान में नगर निगम की टीम के साथ यातायात पुलिसकर्मी भी रहे। टीम को देखते ही व्यापारियों ने अपने आप अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। इस दौरान चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि बेगमपुल से परतापुर इंटरचेंज तक यातायात सुगम बनाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत नगर निगम व रोडवेज के अधिकारियों के अलावा व्यापारी संगठनों के साथ बैठक की गई। बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। जाम वाले स्थान चिह्नित किए गए हैं। पांच दिन के जागरुकता अभियान में सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने के लिए व्यापारियों से आह्वान किया जाएगा। इसके बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। सोमवार को बेगमपुल से भैसाली बस अड्डे तक अभियान चलाया गया। यातायात निरीक्षक विनय कुमार शाही ने बताया कि मंगलवार को भैसाली अड्डे से केसरगंज चौकी, बुधवार को केसरगंज चौकी से रेलवे रोड चौराहा, बृहस्पतिवार को रेलेवे रोड चौराहे से मेट्रो प्लाजा और शुक्रवार को मेट्रो प्लाजा से परतापुर इंटरचेंज तक अभियान चलेगा।
-
कार्ययोजना के तहत ये लिए गए निर्णय
रोडवेज की बसें निर्धारित स्टॉप पर ही रुकेंगी। चालक बसें सड़कों पर नहीं खड़ी करेंगे। नगर निगम प्रशासन डिवाइडर की मरम्मत कराएगा और संकेतक लगाएगा। अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगा। रोडवेज के अधिकारियों से बातचीत कर बस स्टॉप का निर्माण कराएगा। यातायात पुलिस डग्गामार वाहन, अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाएगी। व्यापारी संगठन अतिक्रमण हटाओ अभियान व अन्य कार्रवाई में सहयोग करेंगे।
-
इन स्थानों को किया जाएगा जाम मुक्त
अभियान के तहत बेगमपुल, सोतीगंज, भैसाली बस स्टैंड, जली कोठी चौराहा, महताब सिनेमा तिराहा, केसरगंज चौकी, रेलवे रोड चौराहा, ईदगाह चौराहा, मेट्रो प्लाजा, फुटबाल चौराहा, टीपीनगर चौराहा, बिजली बंबा बाईपास तिराहा, रिठानी और परतापुर इंटरचेंज को जाम मुक्त किया जाएगा।