मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र की शास्त्रीनगर ए-ब्लॉक में बीपीटी (बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी) के छात्र हर्ष (23) ने शराब पार्टी के दौरान फंदा लगाकर खुदकुशी की कोशिश की। दोस्तों ने गेट तोड़कर उसे नीचे उतार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि शास्त्रीनगर ए-ब्लॉक स्थित मकान में पांच दोस्त किराये पर एक साथ रहते हैं। शनिवार रात दोस्तों ने शराब पार्टी की। इसी दौरान खतौली निवासी छात्र हर्ष ने फांसी लगा ली। ऐन वक्त पर एक दोस्त बराबर वाले कमरे की ओर आ गया। उसने खिड़की से देखा तो हर्ष फंदे पर लटका था। उसने शोर मचाया तो बाकी दोस्तों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ का कहना है कि थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।