कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार रोरिया ने बताया कि हाथ में ग्रेनेड व हथियारों के साथ फोटो खिंचवाने वाला युवक रामवीर उर्फ गुरु उर्फ भूरा पुत्र उदयवीर बाघू गांव का रहने वाला है। वह गुफा मंदिर के पास एक अखाड़े में पहलवानी के दांव पेंच सीख रहा है। खेकड़ा थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव निवासी अंकित से उसकी दोस्ती है। चार साल पहले वह अपने दोस्त अंकित के घर गया था। वहीं पर उसने हैंड ग्रेनेड और हथियारों के साथ फोटो खिंचवाए। दोस्त अंकित के मोबाइल से ही फोटो खींचे गए थे। दोस्त ने उसे फोटो भी नहीं दिए थे। उसके बाद रामवीर का बाघू गांव में झगड़ा हो गया था। धारा 307 आईपीसी में उसके खिलाफ मुकदमा हुआ था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कुछ माह बाद उसे जमानत मिल गई थी।
इसके बाद वह दोस्त अंकित से नहीं मिला। उन्होंने बताया कि उसका दोस्त अंकित लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता है। मेरठ जनपद में उसके खिलाफ लूट के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी रामवीर की निशानदेही पर तमंचा व कारतूस बरामद किए। उसके खिलाफ 25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस उसके दोस्त अंकित की तलाश में जुटी हुई है। उसके पकड़े जाने के बाद ही हैंड ग्रेनेड किस के पास है और कहां से लाया था, इसके बारे में पता चल सकेगा। पुलिस ने आरोपी युवक को न्यायालय में पेश किया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/