मेरठ। लिसाड़ीगेट के भीड़भाड़ वाले इलाके में बुधवार दोपहर प्रेमी ने प्रेमिका की ईंटों से कुचलकर हत्या कर दी। लोगों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने सभी को फावड़े से काटने की धमकी दी और फिर खुद थाने पहुंच गया। महिला अपने पति और चार बच्चों को छोड़कर तीन माह से शादीशुदा प्रेमी संग रह रही थी। आरोपी ने बताया है कि उसकी प्रेमिका अब उसे भी धोखा देने लगी थी।
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर) निवासी शौकीन अली का निकाह 18 साल पहले जानी क्षेत्र के बहरामपुर की शबनम उर्फ शब्बो से हुई थी। दंपति पांच साल से लिसाड़ीगेट के तारापुरी में गड्ढे वाली गली में रहते थे। तीन साल पहले शब्बो की मुलाकात तीन बच्चों के पिता जफर पुत्र इकबाल निवासी जाकिर कॉलोनी गली नंबर-6 हो गई। दोनों में प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। एक साल पहले इसकी जानकारी दोनों के परिजनों को हुई। इसके बाद शौकीन अपने चार बच्चों और पत्नी शब्बो को बुढ़ाना लेकर चला गया और वहीं रहने लगा। इसके बावजूद दोनों मिलते रहे। तीन महीने पहले महिला अपने पति और बच्चों को छोड़ कर प्रेमी के पास आ गई। जफर ने उसे हुमायूंनगर में किराये पर एक कमरा दिलाया। दिन वह उसके साथ रहता और रात में पत्नी के पास चला जाता था।
बिना बताए चली गई थी जयपुर:
एक सप्ताह पहले शब्बो बिना बताए जयपुर चली गई थी। इस पर जफर ने नाराजगी जताई। वह लौटी तो जफर ने उसका मोबाइल और सिम तोड़ दिया। गुस्से में शब्बो ने कमरा खाली किया और दूसरी जगह रहने लगी। सिम तोड़ने की उससे माफी भी मांगी, लेकिन उससे हमेशा के लिए नाता तोड़ते दूसरे युवक के पास रहने की बात कही।
माफी मांगी, फिर ईंट मार दी:
बुधवार दोपहर शब्बो सामान लेने बाजार जा रही थी। मेरठ गर्ल्स कॉलेज हुमायूंनगर के पास जफर ने उसे पकड़ लिया। दोनों में काफी गुत्थमगुत्था चली। जफर ने अपने सिर में ईंट मारकर माफी मांगी। शब्बो इस पर भी नहीं मानी तो जफ्फर ने एक ईंट उसके सिर में मार दी। ईंट लगते ही शब्बो जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद जफर ने उसके सिर पर ईंटों से कई प्रहार किए। इससे शब्बो की मौके पर मौत हो गई।
सैकड़ों लोगों के सामने वारदात:
यह वारदात सैकड़ों लोगों ने देखी। लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह दौड़ कर एक मकान से फावड़ा उठा लाया और सभी को काटने की धमकी दी। सूचना पर लिसाड़ीगेट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के जेठ मेहंदी हसन को बुलाकर पहचान कराई। उसकी तहरीर पर आरोपी के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है।
चौतरफा दबाव पड़ा तब पहुंचा थाने:
महिला की हत्या होते ही पुलिस पहुंची। महिला की पहचान और आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिस ने मुखबिरों को दौड़ाया। वारदात के 15 मिनट बाद ही महिला, आरोपी की पहचान हो गई। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल पर कॉल की और उसके परिवार को हिरासत में लेने की धमकी दी। इस पर वह खुद थाने आ पहुंचा। एसओ लिसाड़ीगेट रवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपना जुल्म कुबूल कर लिया है।