मेरठ। विधानसभा चुनाव की अपनी तैयारियों को विस्तार देते हुए बसपा ने अपने दांव चलने शुरू कर दिए हैं। बृहस्पतिवार को गाजियाबाद में होने वाली मंडलीय समीक्षा बैठक एवं कैडर कैंप में मेरठ की कई सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की जा सकती है। बसपा पिछले कई प्रत्याशियों को झटका दे सकती है।
गाजियाबाद में पार्टी के वेस्ट यूपी प्रभारी नसीमुद्दीन सिद्दीकी, जोनल कोर्डिनेटर अतर सिंह जाटव आदि मेरठ मंडल यानि छह जिले, 28 विधानसभा तथा पांच लोकसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों की समीक्षा करेंगे। यह एक कैडर कैंप भी होगा। इस मौके पर विधानसभा चुनाव के लिए कुछ क्षेत्रों के उम्मीदवार घोषित किए जा सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक रालोद से पूर्व कैबिनेट मंत्री नवाब कोकब हमीद के बेटे अहमद हमीद का सिवालखास से टिकट दिया जा रहा है। पार्टी सूत्रों की मानें तो पार्टी कुछ सीटों पर नए उम्मीदवारों की तलाश कर रही है, इससे कई दिग्गजों को झटका लग सकता है।