मेरठ। सीजेएम न्यायालय में बुधवार को पेश हुए दो आरोपियों में मारपीट हो गई। इनमें एक आरोपी जमानत पर था, जबकि दूसरे को जेल से लाया गया था। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र में आबू प्लाजा स्थित ज्वैलरी शोरूम के कर्मचारी मुकेश वर्मा और संदीप गुप्ता निवासी मानसरोवर पर नकली हीरों से असली बदलने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया था। मुकेश को जनवरी 2014 में जमानत मिल गई थी। बुधवार को शोरूम के मैनेजर नीरज सारस्वत की सीजेएम कोर्ट में गवाही थी। दुपहर करीब डेढ़ बजे दोनों आरोपी कोर्ट के समक्ष पेश किए गए। दोनों पक्षों से वरिष्ठ अधिवक्ता अमित दीक्षित, मुकुल यादव और आरडी त्यागी जिरह करने पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान संदीप ने मुकेश पर हथकड़ी से हमला बोल दिया। उसका कहना था कि एक ही मामले में तुझे तो बेल मिल गई, लेकिन मैं जेल में क्यों हूं। मुकेश ने भी इसका जवाब देते हुए उसकी पिटाई कर दी। भरी अदालत में दोनों आरोपियों में मारपीट होने पर अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को अलग किया। न्यायालय ने इस कृत्य को गंभीरता से लेते हुए कड़ा रुख अपना लिया। कोर्ट मोहर्रिर अनुराग कुमार ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज करा दी। दोनों को जेल भेज दिया गया।