मेरठ। बारिश के चलते शहर की बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई है। 33 केवी लाइन का तार टूटने से लेडीज पार्क बिजलीघर की बत्ती 11 घंटे तक गुल रही। प्रभावित कालोनियों को मेडिकल सब स्टेशन से आ रही लाइन के जरिए शिफ्टवाइज बिजली आपूर्ति की गई। इसके अलावा लिसाड़ीगेट, लिसाड़ी रोड, विकासपुरी, पुराना आरटीओ, सोफीपुर, एमईएस आदि बिजलीघरों पर भी आपूर्ति प्रभावित हुई।
शनिवार रात से शुरू हुई बारिश बिजली व्यवस्था पर भारी पड़ रही है। रविवार के बाद सोमवार को भी बारिश ने विद्युत लाइनों को झटके दिए। 220 केवी मोदीपुरम सब स्टेशन से लेडीज पार्क बिजलीघर आ रही 33 केवी लाइन शोभित यूनिवर्सिटी के सामने टूट गई। इसके चलते बिजलीघर क्षेत्र की थापरनगर, सोतीगंज, बेगमबाग, जीआईसी, खूनी पुल, बच्चा पार्क, मिशन कंपाउंड और वेस्टर्न कचहरी रोड आदि में सुबह दस बजे बिजली गुल हो गई। लाइन ठीक न होने के चलते रात नौ बजे तक इन कालोनियों को आपूर्ति नहीं सकी। बिजलीघर पर दूसरी लाइन 132 केवी मेडिकल सब स्टेशन की आ रही है। इसके फीडर से प्रभावित क्षेत्र को कुछ देर के लिए शिफ्टवाइज बिजली आपूर्ति कराई गई।
अधिशासी अभियंता आरके राणा ने बताया कि 33 केवी लाइन टूटने के चलते बिजलीघर क्षेत्र में दिक्कत आई थी। लाइन तो जोड़ दी गई थी, लेकिन बाद में मोदीपुरम सब स्टेशन पर काम होने के चलते रात नौ बजे आपूर्ति सामान्य की जा सकी।