मेरठ। लैपटॉप लेने के लिए विद्यार्थियों को अब आवेदनपत्र भरना होगा। कॉलेजों द्वारा भेजी गई सूची को शासन ने नकार दिया है। सभी आवेदनकर्ताओं की सीडी भी तैयार होगी, जिसे रिकॉर्ड के तौर पर राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (रमसा) कार्यालय में रखा जाएगा। शासन ने आवेदनपत्र का खाका राजकीय कॉलेजों में भेज दिया है।
मुख्य विकास अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि पहले चरण में राजकीय डिग्री कॉलेज, एडेड डिग्री कॉलेज और मदरसा बोर्ड के छात्रों के आवेदन 28 फरवरी तक भरे जाएंगे। उसके बाद वित्तविहीन संस्थाओं में पढ़ने वाले अर्ह छात्र-छात्राओं का विवरण 15 मार्च तक वेब पोर्टल पर अपलोड करना है। रमसा समन्वयक मोहम्मद जफर ने बताया कि कालेजों से आवेदन भी भरवाया जाएगा। इसके अलावा सभी से आवेदनपत्रों की हार्डकॉपी के साथ सीडी मांगी जा रही है, जिसका पूरा डाटा तैयार वेब पोर्टल पर एनआईसी के माध्यम से डाला जाएगा। वेबसाइट www.uplaptop-tabletdistribution.in पर छात्रों की जानकारी होगी। वेबसाइट पर डाटा फीड कराने के लिए लखनऊ में प्रशिक्षण दिया था।
हजारों में है छात्रों की संख्या
कॉलेजों ने अब तक जो सूची कार्यालय में भेजी थी, उसके हिसाब से ग्रेजुएशन के अलावा इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, मेडिकल आदि कोर्स के विद्यार्थियों की संख्या करीब 52 हजार है। मेरठ और सहारनपुर मंडल में 15 राजकीय और 50 एडेड कॉलेज हैं। रमसा समन्वयक ने बताया कि लैपटॉप देने की शुरुआत राजकीय डिग्री कॉलेजों से होगी।