फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुद जागो! सो रहे हैं अफसर और जनप्रतिनिधि

Sat, 27 Oct 2012 12:00 PM IST
Meerut
विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ। त्योहारों के अवसर पर भी प्रशासन जनता को बिजली, स्वच्छ पानी और सफाई की सुविधा नहीं दे पा रहा है। शहर में गदंगी पसरी है और अंधेरा छाया है। जगह-जगह गंदगी और जलभराव भी है। इससे डेंगू और अन्य बीमारियां पैर फैला रहीं हैं। वहीं इसकी अधिकारियों को तनिक भी चिंता नहीं है। शहर की जनता जनप्रतिनिधियों का दरवाजा भी खटखटा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
विज्ञापन

हनुमानपुरी के नवीन शर्मा कहते हैं कि मकान के सामने से गुजर रहे गंदे नाले की पुलिया नीची है। इससे गंदा पानी घरों तक पहुंच जाता है। नाले की सफाई हुए भी एक अरसा बीत गया है। पार्षद मूलचंद से शिकायत की गई, लेकिन समस्या खत्म नहीं हुई। इससे परिवार के सदस्य बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। जली कोठी के मोहम्मद अकरम कहते हैं की कस्बे में स्थित खत्ते पर जनता के साथ सफाई कर्मचारी कूड़ा डालते हैं, लेकिन उन्हें समय पर उठाया नहीं जाता है। ईद पर भी सफाई नहीं कराई गई। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। 15 दिन पूर्व नगर स्वास्थ्य अधिकारी से भी शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
राजकुमार सिंघल कहते हैं कि ओडियन सिनेमा के पास स्थित नाले की सफाई हुए काफी समय बीत गया है। इससे नाले का पानी रास्ते में भरा है। वहीं बीमारी फैलने की आशंका भी बलवती हो गई है। लोहियानगर के हाशिम अली कहते हैं कि यहां पर नाला टूटा पड़ा है। अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। शिवशंकर पुरी के आनंद प्रकाश जिंदल कहते हैं कि कर्मचारी शारदा रोड पर सफाई कार्य नहीं करते हैं। इससे गंदगी पसरी है। उन्होंने कहा कि कम से कम त्योहार पर तो सफाई होनी चाहिए, लेकिन अफसर उदासीन बने हैं। नाजिम की शिकायत है कि बागपत अड्डे पर सफाई नहीं होती है। इससे जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। अधिकारी ध्यान देने को तैयार नहीं है। महेंद्र गुप्ता कहते हैं कि दिल्ली रोड पर ट्रांसपोर्ट के सामने भरा पानी परेशानी का सबब बन गया है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। शेखपुरा के प्रदीप चौधरी कहते हैं कि शेखपुरा में जलभराव और गंदगी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पार्षद हो या अधिकारी कोई सुनने को तैयार नहीं है। इस्लामाबाद के इरशाद अंसारी कहते हैं कि मिन्नी वाली मस्जिद के निकट गंदगी पसरी है। यहां से गुजरने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलीकोठी के मतीन कहते हैं कि रेलवे रोड पर मनसबिया के निकट नाला अटा पड़ा है। भैसों के तबेलों से निकलने वाली गंदगी नाले में भरी है। इस ओर किसी का ध्यान नहीं है।
विज्ञापन


सड़क मरम्मत हुए गुजरा जमाना
रोहटा रोड गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। रोहटा रोड से खडौली को जाने वाले मार्ग का मरम्मत हुए एक जमाना गुजर चुका है। हल्की बारिश में ही मार्ग तालाब में तब्दील हो जाता है। गांव के लोग घरों में कैद होकर रह जाते हैं। कैंट विधायक ने सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ।
-मुकेश सैनी, खडौली

नहीं जलती स्ट्रीट लाइटें
सेक्टर दो में स्ट्रीट लाइटें नहीं हैं। दिन ढलते ही अंधेरा पसर जाता है। असामाजिक तत्व सड़कों पर घूमने शुरू हो जाते हैं। दीपावली सिर पर है। फिर भी स्ट्रीट लाइटें नहीं लगीं। चुनाव के बाद से पार्षद ने जनता से मिलना भी गंवारा नहीं समझा है।
-जयगोपाल शर्मा, जागृति विाहर

लाइनमैन करवा रहा चोरी
जसवंत शुगर मिल कालोनी में शाम होते ही तारों पर कटिया डालकर बिजली चोरी की जाती है। बिजली चोरी करने वाले लोगों से लाइनमैन मिला हुआ है।
-अमित कुमार, जसवंत शुगर मिल कालोनी

मकान तोड़ने की धमकी
एमडीए के जेई ने पहले बगैर नक्शा पास कराए ही मकान बनाने की अनुमति दे दी। कुछ रुपये भी लिए। अब वह दो मंजिल से ऊपर निर्माण करने से रोक रहा है। रिश्वत भी मांगी जा रही है।
विज्ञापन

-चांद कुरैशी, मुफ्तीवाड़ा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें