कंकरखेड़ा। सिटी मजिस्ट्रेट और खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को खड़ौली गांव स्थित दूध फैक्ट्री में छापामारी कर दूध और मिल्क पाउडर के सैंपल लिए।
कंकरखेड़ा थाना अंतर्गत रोहटा रोड स्थित खड़ौली गांव में पाल हरियाणा डेरी के नाम से अनिल गोयल और जयप्रकाश पाल की दूध की फैक्ट्री है। काफी समय से अधिकारियों को फैक्ट्री में नकली घी बनाने की शिकायत मिल रही थी। इस पर शुक्रवार शाम लगभग साढ़े सात बजे सिटी मजिस्ट्रेट डीपी श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवराज सिंह और इंस्पेक्टर रेलवे रोड पुलिस बल के साथ फैक्ट्री में पहुंच गए और दूध और मिल्क पाउडर के सैंपल भरे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी देव राज सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में सालों पहले घी बनाया जाता था, अब नहीं बनाया जाता। सिटी मजिस्ट्रेट डीपी श्रीवास्तव ने कहा सैंपल लिए गए हैं। अब जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। उधर, फैक्ट्री मालिक जयप्रकाश पाल का कहना था कि फैक्ट्री में जांच के दौरान किसी भी तरह की कमी नहीं मिली।