भाजपा नेता के न दांत टूटे, न हुई छेड़छाड़
पुलिस की जांच में फर्जी निकल रहे हैं आरोप, मुकदमे में एफआर लगाने की तैयारी
दरोगा की पुत्रवधू से मारपीट और कपड़े फाड़ने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। मेघदूत पुलिया पर दरोगा की पुत्रवधू से मारपीट, कपड़े फाड़ने के मामले में बुधवार को नया मोड़ आया। सत्ता के दबाव में भाजपाइयों ने पीड़ित दंपती पर मारपीट, छेड़छाड़ और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाकर रिपोर्ट तो दर्ज करा दी। लेकिन पुलिस की जांच में पोल खुल गई। न तो भाजपा नेता के दांत टूटे और न छेड़छाड़ की पुष्टि हुई है। पुलिस अब भाजपा नेता की ओर से दर्ज मुकदमे में एफआर लगाने की तैयारी में है।
भाजपा नेता दिग्विजय सिंह और उसके पिता दिगंबर सिंह समेत चार लोग सोमवार को स्कार्पियो से कहीं जा रहे थे। मेघदूत पुलिया पर स्कार्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी थी। बाइक पर दरोगा का बेटा और पुत्रवधू थे। आरोप है कि इसका विरोध करने पर भाजपा नेता ने मारपीट कर महिला के कपड़े फाड़ दिए थे। महिला ने भाजपा नेता के खिलाफ केस दर्ज कराया था। भाजपाइयों ने भी दरोगा के पुत्र और पुत्रवधू पर क्रॉस केस कराया था। स्कॉर्पियो में ही बुरके में दूसरे समुदाय की महिला भी सवार थी। भाजपाइयों ने पीड़ित दंपती पर ही दांत तोड़ने और छेड़खानी को केस कराया था, जिसका कोई प्रमाण पुलिस को नहीं मिला।
मेडिकल कराने भी नहीं आया भाजपा नेता
जिस महिला से भाजपाइयों ने छेड़खानी होना बताया, वह थाने तक नहीं आई और न बयान देने को तैयार है। भाजपा नेता दिग्विजय सिंह को भी कई बार फोन पर कहा कि वह मेडिकल कराने आए। न तो वह खुद आए और न ही उक्त महिला को लाया गया। सुबूत नहीं होेंगे तो भाजपा नेता द्वारा दर्ज मुकदमे में एफआर लगाई जाएगी।
अब्दुर रहमान सिद्दीकी, इंस्पेक्टर सिविल लाइन