तमिलनाडु के छात्र को अगवा कर लूटा
मेरठ। दिल्ली रोड पर मंगलवार रात टेंपो सवार बदमाशों ने तमिलनाडु के एक छात्र को अगवा कर पर्स लूट लिया। युवक ने टेंपो से कूदकर जान बचाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को रोडवेज बस से दिल्ली रवाना कर दिया।
पुलिस के अनुसार तमिलनाडु निवासी गोकुल शोभित यूनीवर्सिटी में बीएससी (एग्रीकल्चर) के छात्र अपने दोस्त आकाश से मिलने सोमवार को पहुंचा था। मंगलवार रात उसे दिल्ली जाना था। आकाश ने उसे शोभित यूनीवर्सिटी से रोडवेज बस अड्डे तक के लिए टेंपो में बैठा दिया। रात करीब 11:30 बजे वह रोडवेज बस अड्डे पर दिल्ली की बस का इंतजार करने लगा। इस दौरान वहां टेंपो लेकर पहुंचे युवकों ने गोकुल से पूछताछ के बाद कहा कि दिल्ली की बस अब नहीं मिलेगी। वह उसे उस जगह छोड़ देंगे, जहां से बस आसानी से मिल जाएगी। गोकुल टेंपो में बैठ गया। टेंपो सवार युवक उसे दिल्ली रोड पर लेकर पहुंचे तो माधवपुरम के पास गोकुल को युवकों पर शक हो गया। युवकों के इरादे भांपकर गोकुल ने दिल्ली रोड स्थित गौशाला के पास टेंपो से कूदकर शोर मचा दिया। टेंपो सवार युवकों ने उसे पीटकर पर्स लूट लिया और फरार हो गए। सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने उससे घटना की जानकारी ली। गोकुल ने पुलिस कार्रवाई न करने की बात कही। उसके आग्रह पर पुलिस ने उसे दिल्ली की बस में बैठाकर रवाना कर दिया।