बेटे के साथ स्कूटी पर जा रही महिला को डंफर ने कुचला
स्कूटी अनियंत्रित होने से गिर गई थी, सिर के ऊपर से निकल गया डंफर
टैंक चौराहे पर हुआ हादसा, चालक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। कैंट में टैंक चौराहे पर अनियंत्रित स्कूटी से गिरी महिला को पीछे से आ रहे डंफर ने कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला बेटे के साथ सरधना जा रही थी। पुलिस ने डंफर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के कांच का पुल निवासी इमरान रविवार सुबह अपनी मां शबनम (48) को लेकर स्कूटी से सरधना जा रहा था। टैंक चौराहे से कुछ दूरी पर स्कूटी अनियंत्रित हो गई। पीछे बैठी शबनम सड़क पर गिर गई और तभी वहां से गुजर रहे डंफर की चपेट में आ गई। सिर पर पहिया उतरने के कारण मौके पर ही शबनम की मौत हो गई। हादसे के बाद वहां भीड़ लग गई। लोगों ने डंफर चालक को पकड़ लिया। डंफर में तोड़फोड़ करते हुए चालक की पिटाई कर दी। कुछ ही देर में सदर बाजार थानाध्यक्ष विजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। बेटे इमरान का रो-रोकर बुरा हाल था। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि डंफर को कब्जे में ले लिया है। इमरान की तहरीर पर डंफर चालक मुकेश कुमार निवासी पल्लवपुरम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।