अंतर्जातीय विवाह करने वालों को दी पुरस्कार राशि
मेरठ। मुख्य सचिव राजीव कुमार ने सर्किट हाउस में अंतर्जातीय विवाह करने वाले चार युगल को पुरस्कार राशि प्रदान की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के भी 12 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
राजीव कुमार ने कहा कि सामाजिक समरसता बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा अंतर्जातीय विवाह करने वाले दंपतियों को 50 हजार रुपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप दी जाती है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना केंद्र व प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है। जिसमें हर गरीब के अपने घर का सपना साकार होगा। इस दौरान मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार, जिलाधिकारी मेरठ समीर वर्मा, सीडीओ मेरठ आर्यका अखौरी, पीओ डूडा आरपी सिंह आदि मौजूद रहे।
ई शिक्षा एप की लांचिंग व हिंडन माटी का विमोचन
मुख्य सचिव राजीव कुमार ने सर्किट हाउस में बेसिक शिक्षा विभाग गाजियाबाद द्वारा तैयार किए गए ई-शिक्षा एप की लांचिंग के साथ ही हिंडन नदी पर निर्मल हिंडन अभियान के अंतर्गत त्रैमासिक पत्रिका हिंडन माटी का विमोचन किया। इस दौरान मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि ई-शिक्षा एप के माध्यम से विद्यालयों में होने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं सूचनाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इस एप को अध्यापक, अधिकारी एवं आम नागरिक डाउनलोड करके प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों से संबंधित विभिन्न जानकारियों को प्राप्त कर सकते हैं। जिसमें विद्यार्थियों की उपस्थिति, अध्यापकों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, अवकाश के लिए आवेदन, विद्यालय में संचालित गतिविधियां, पाठ्य योजना आदि शामिल हैं। डीएम मेरठ समीर वर्मा, गाजियाबाद रितु माहेश्वरी, सीडीओ मेरठ आर्यका अखौरी, गाजियाबाद रमेश रंजन, नीर फाउंडेशन के रमन त्यागी आदि मौजूद रहे।