मेरठ। मुजफ्फरनगर जड़ौदा नरा में पटरियों पर काम के चलते मंगलवार को रेल यातायात पूरी तरह बाधित रहा। आधा दर्जन ट्रेनें निरस्त रहीं। इसके कारण यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ा। शाम पांच बजे के बाद ही ट्रेनों का संचालन शुरू हो पाया।
जड़ौदा नरा में कार्य के चलते सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक ब्लॉक लिया गया। इस कारण दिल्ली से मुजफ्फरनगर, सहारनपुर अप और डाउन सभी गाड़ी जिनमें सुपर एक्सप्रेस, इंटरसिटी, हरिद्वार पैसेंजर,अंबाला पैसेंजर आदि ट्रेनें निरस्त रहीं। रेल मार्ग पर शाम पांच बजे के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो पाया। इसके बाद ही रेल यात्रियों ने राहत की सांस ली। इसके अलावा जम्मू जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस डेढ़ घंटा लेट रही। वहीं नौचंदी एक्सप्रेस इलाहाबाद से चलकर मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन पर नौ घंटे लेट पहुंची। इस कारण ट्रेन को सहारनपुर नहीं भेजा गया। शाम को निर्धारित समय पर नौचंदी और संगम एक्सप्रेस को इलाहाबाद के लिए रवाना किया गया।