मेडिकल में महिला तीमारदार ने जूनियर डॉक्टर को पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। मेडिकल की इमरजेंसी में तीमारदारों और जूनियर डॉक्टरों के बीच मारपीट के मामले रुक नहीं रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी एक वृद्ध की मौत के बाद उनके साथ आई महिला तीमारदार ने जूनियर डॉक्टर के साथ मारपीट कर दी। इमरजेंसी स्टाफ इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। हालांकि देर रात तक तहरीर नहीं दी गई थी।
इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. नितिन यादव ने बताया कि शास्त्रीनगर निवासी 60 वर्षीय एक व्यक्ति को सुबह 8:40 बजे मेडिकल इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। उनकी तबियत ज्यादा खराब थी, कुछ देर बाद उनकी मृत्यु हो गई। सुबह 9:10 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। आरोप है कि उनकी मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया और एक जूनियर डॉक्टर केसाथ मारपीट की। सीनियर डॉक्टरों ने मामला शांत कराया। बाद में बुजुर्ग केपरिजन शव को ले गए। वहीं ईएमओ का कहना है कि इस मामले में आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी जाएगी।
मेडिकल अस्पताल में एक सप्ताह के भीतर हंगामे और मारपीट का यह पांचवां मामला है। गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में मंगलवार आधी रात डॉक्टरों और तीमारदारों में हुई मारपीट के विरोध में बुधवार को करीब 150 जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर चले गए थे। सुरक्षा का आश्वासन मिलने पर वह शाम को काम पर लौटे थे।
इमरजेंसी में पुलिस केअलावा निजी सुरक्षाकर्मी भी लगाए गए
मेडिकल इमरजेंसी में पुलिस चौकी पर तैनात किए गए पुलिसकर्मियों के अलावा तीन निजी सुरक्षाकर्मी भी लगाए गए हैं। पुलिसकर्मी 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे, जबकि निजी सुरक्षाकर्मियों की व्यवस्था अस्पताल प्रबंधन ने की है।
खास बात
बुजुर्ग की मौत के बाद किया हंगामा, इलाज में लगाया लापरवाही का आरोप