शिक्षा मित्रों ने घेरा सुनील भराला का आवास
मोदीपुरम। श्रमिक बोर्ड कल्याण परिषद के अध्यक्ष बनने के बाद सोमवार रात पंडित सुनील भराला पल्लवपुरम स्थित अपने आवास पर पहुंचे। मंगलवार को उनके आवास पर पहुंचे शिक्षामित्रों ने अपनी समस्याओं को लेकर भूख हड़ताल की। शिक्षा मित्रों की सभी समस्याओं को प्रदेश सरकार को अवगत कराने का सुनील भराला ने आश्वासन दिया और जूस पिलाकर हड़ताल को समाप्त कराया।
18 सितंबर 2015 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा संकल्प पत्र में शिक्षामित्रों की समस्याओं के समाधान कराने की बात कही थी। लेकिन अभी तक समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ। मंगलवार को शिक्षामित्र एकत्रित होकर सुनील भराला के पल्लवपुरम फेज दो स्थित आवास के बाहर पहुंचे और अपनी समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की। इस दौरान दस शिक्षामित्र भूख हड़ताल पर बैठ गए। सुनील भराला अपने आवास से बाहर आए और शिक्षामित्रों की समस्याओं को सुना और उनका निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद सुनील भराला ने भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षामित्रों को जूस पिलाकर उनकी हड़ताल समाप्त कराई। भूख हड़ताल पर बैठने वालों में दुष्यंत कुमार, सतीश नागर, धर्मपाल शर्मा, संजय कुमार शर्मा, रिजवान राणा, राहुल चौधरी, सुबोध चौधरी, शहजाद, मनीषा, राहुल, सलेहा, नसरीन, मनीषा शर्मा आदि मौजूद रहे।
शिक्षा मित्रों ने निकाली तिरंगा यात्रा
मेरठ। शिक्षामित्रों से किए गए वादे पूरे किए जाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के बैनर तले मंगलवार को पटेल मंडप नौचंदी से तिरंगा यात्रा निकाली गई जो कमिश्नरी पार्क पहुंची। यात्रा में शामिल लोगों ने यहां पूर्व प्रधानमंत्री चौ.चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। संगठन के जिला मंत्री तशरीफ अली ने बताया कि 04 फरवरी को प्रदेश के शिक्षामित्र भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के संरक्षण एवं आशीर्वाद के साथ मुरादाबाद के आंबेडकर पार्क से तिरंगा यात्रा प्रारंभ की। गढ़ मुक्तेश्वर गंगा घाट पर 1100 मृतक शिक्षामित्रों की आत्मा की शांति के लिए वहां श्रद्धांजलि अर्पित की और जल कलश भरकर मंगलवार को पटेल मंडप नौचंदी पहुंचे। यहां से दोबारा तिरंगा यात्रा प्रारंभ कर कमिश्नरी पार्क होते हुए राजघाट दिल्ली के लिए रवाना हुए। वसीम राजा, धर्मेंद्र पांडे, सतीश बालियान, शिवदान सिंह, शाहिद अब्बास, वचन सिंह, श्वेता बंसल, इमामुद्दीन, अनिल शर्मा, मुईनुद्दीन, रूचि शर्मा, राखी गोयल, सविता शर्मा, सविता गुप्ता, सीमा सिंह आदि रहे।