खेकड़ा (बागपत)।
तहसील कार्यालय में बुधवार को पोषण पखवाड़ा के तहत कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें शिविर लगाकर आयरन की गोली के बारे में जानकारी दी। साथ ही प्रदर्शनी भी लगाई।
बुधवार को तहसील परिसर में पोषण पखवाड़ा के तहत कार्यशाला एवं प्रदर्शनी स्टाल का शुभारंभ सीडीओ चांदनी सिंह ने किया। उन्होंने कहा भोजन में हरी सब्जी के खाने से शरीर में आयरन की पूर्ति हो जाती है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं के अलावा हम सभी को आयरन युक्त सब्जियों का सेवन करना चाहिए। सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा ने कहा अधिकांश गांव में देखा जाता है कि महिला व बच्चे कमजोर होते हैं। उन्हें हरी सब्जियों के सेवन करने को लेकर जागरूक करना चाहिए। महिलाएं दही व दुग्ध का अधिक से अधिक सेवन करें। दूध से हमें आयरन की मात्रा अधिक प्राप्त होती है। उन्होंने बताया बच्चे और महिलाओं में आयरन की कमी के लिए हम डोर टू डोर अभियान चलाकर पोषण पखवाड़ा योजना का संचालन किया जा रहा है। एसीएमओ डॉ. नीरज त्यागी ने पोषण पखवाड़े में चयनित लाभार्थियों, स्वास्थ्य जांच, स्तनपान, पोषाहार की महत्ता व उससे निर्मित व्यंजन बनाने की जानकारी दी। इस दौरान स्टाल लगाकर पोषण संबंधी गोलियां और पोस्टर सामग्री का प्रदर्शन भी किया । कार्यशाला में सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद मलिक, डॉ. आमिर, डॉ. सुनीता सोनल, सुशील बाला, संजीव सांगवान, बीपीएम रूपेंद्र शर्मा, सुषमा देवी, सचिन कुमार, अभिषेक कुमार आदि मौजूद रहे।