मेरठ। गढ़ गंगा मेले से जैसे ही श्रद्धालुओं का लौटना शुरू हुआ तो गढ़ रोड पर जाम की समस्या बन गई। दिन में ट्रैफिक पुलिस जाम से जूझती रही। शाम होते ही गढ़ रोड और शहर के कई चौराहों पर भीषण जाम लग गया। इससे काफी परेशानी हुई।
गढ़ गंगा मेले शनिवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का लौटना शुरू हो गया था। इस बीच पुलिस ने भारी वाहनों को पहले से ही गढ़ रोड पर प्रतिबंधित कर रखा था। अंतिम दिन श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्राली और अन्य वाहनों से लौटने लगे। दिन में तो ट्रैफिक पुलिस ने व्यवस्था संभाली भी। लेकिन शाम होते ही वाहनों की संख्या ऐसी बढ़ी कि पूरा सिस्टम ही कमजोर पड़ गया। शाम होते ही किठौर, मऊखास, हसनपुर चौकी, गोकलपुर, मेडिकल कॉलेज, विवि रोड, जेलचुंगी, कमिश्नरी आवास चौराहा, हापुड़ अड्डा और घंटाघर पर भी जाम की समस्या बनी रही। दिल्ली रोड पर भी शाम को परतापुर तिराहे पर जाम लगा रहा। एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई का कहना है कि गढ़ गंगा से लौट रहे श्रद्धालुओं के वाहनों की संख्या बढ़ने से कुछ स्थानों पर जाम की समस्या बनी थी।