संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। बीडीएफ मोदीपुरम में बृहस्पतिवार को बासमती बीज वितरण मेला एवं किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। मेले में पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और जम्मू से 800 से अधिक किसानों ने भाग लिया। पहले दिन करीब 60 लाख रुपये मूल्य के लगभग 650 क्विंटल बासमती बीज किसानों को वितरित किए गए।
निदेशक भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान सुनील तिवारी मुख्य अतिथि रहे। संतोष कुमार सचान, सत्येंद्र खारी, रितेश शर्मा, आरके सिंह और नीतिश चौरसिया आदि ने अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर चयनित प्रगतिशील किसानों को इनोवेटिव फार्मर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जिनमें धर्मवीर सिंह, धीरज कुमार, हरेंद्र सिंह प्रधान, बृजेंद्र सिंह, आदित्य, तेजपाल सिंह, विकास और अजय प्रमुख रहे। विशेषज्ञों ने किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज, फसल चक्र, मिट्टी स्वास्थ्य और संतुलित कीटनाशक उपयोग के बारे में जानकारी दी। बासमती निर्यात विकास फाउंडेशन के संयुक्त निदेशक ने बताया कि देश में विदेशी मुद्रा अर्जन में बासमती का महत्वपूर्ण योगदान है और अच्छी पैदावार के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज जरूरी है।
कार्यक्रम में विभिन्न वैज्ञानिकों और कृषि विशेषज्ञों ने बासमती उत्पादन के तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। आयोजन में कई कृषि विशेषज्ञों व प्रतिभागियों का सहयोग रहा। वितरण में पूसा बासमती 1121, 1718, 1692, 1885, पूसा-1 और 1401 जैसी प्रजातियों की अधिक मांग रही।