मेरठ में कोरोना महामारी को देखते हुए शहर के अधिकतर व्यापार संघों ने स्वैच्छिक रूप से अगले सात दिन तक बंदी की घोषणा कर दी है। कुछ व्यापारी 30 अप्रैल तक प्रतिष्ठान बंद रखेंगे। ऐसे में मंगलवार को शहर के 80 फीसदी बाजार बंद रहेंगे। दो दिन के कोरोना कर्फ्यू को मिलाकर अब यह 10 दिन की बंदी हो जाएगी। सोमवार को संगठनों की ओर से हुई बैठकों में यह निर्णय लिया गया।
हैंडलूम वस्त्र व्यापारी संघ खंदक बाजार प्रधान राजीव बंसल ने बताया कि सभी व्यापारी बंदी में सहयोगी रहेंगे। बेगम ब्रिज रोड व्यापार संघ के महामंत्री सुमित ग्रोवर ने बताया कि कोरोना महामारी को देखते हुए 30 अप्रैल तक बाजार बंद का सहयोग करेगा। संयुक्त बाजार संगठन मेरठ ने स्वेच्छा से तीन मई तक बाजारों को बंद करने का निर्णय लिया है। संयोजक मुकुल सिंघल ने कहा कि ऐसे समय में व्यापारी समाज हमेशा से जागरूकता का परिचय देता रहा है।
उधर, आबूलेन स्थित करनाल होटल पर सदर, आबूलेन और बेगामपुल व्यापार संघों की बैठक हुई। इसमें सभी बाजारों के अध्यक्ष महामंत्रियों ने निर्णय लिया कि तीन मई तक संपूर्ण मेरठ के बाजार बंद रहेंगे। इस दौरान सदर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील दुआ, महामंत्री अमित बंसल, आबूलेन केंद्रीय व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय माहेश्वरी, महामंत्री संजय अग्रवाल, आबूलेन व्यापार संघ के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, महामंत्री आकाश खन्ना, कोषाध्यक्ष गौरव सेठ, बेगमपुल व्यापार संघ के अध्यक्ष अशोक महेश्वरी ने बैठक में बढ़ती करोना महामारी को देखते हुए सभी बाजारों ने निर्णय लिया कि सभी व्यापार बंद रहेंगे।
आज बंद रहेंगे ये बाजार
खंदक बाजार, नवीन गल्ला मंडी, आबूलेन, सदर, बॉम्बे बाजार, फव्वारा चौक, बेगामपुल, बच्चा पार्क, टेलीकॉम की दुकानें, सुरजकुंड, बेगमब्रिज, सराफा बाजार, शिवशक्ति सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ, शास्त्रीनगर।
ये बाजार खुलेंगे
बुढ़ाना गेट बाजार, कोटला, खैरनगर, लिसाड़ी क्षेत्र, भगत सिंह मार्किट, पीएल शर्मा रोड, लालकुर्ती, शारदा रोड, दिल्ली रोड के विभिन्न बाजार
कोरोना की चेन तोड़ने में सहायक होगी बाजार बंदी
संयुक्त व्यापार संघ ने सोशल मीडिया के माध्यम से बाजार बंदी के लिए व्यापारिओ से सुझाव व अपील की। अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि बेगमपुल, आबूलेन केंद्रीय, सदर बाजार, खंदक बाजार को तीन मई तक बंद रखने का आश्वासन मिला है। अन्य बाजारों से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने मंत्री अनुज वशिष्ठ के साथ पुलिस की अभद्रता पर रोष भी जताया। संघ संरक्षक अरुण वशिष्ठ करोना के कारण अस्पताल में हैं। उनसे वार्ता करने के बाद आगे की रणनीति तय होगी। अंकुर गोयल ने खंदक बाजार की बंदी में सहयोग का भरोसा दिलाया। अंकित गुप्ता मनु ने आवश्यक सामान की पूर्ति की बात रखी। सत्येंद्र अग्रवाल ने बाजार खाद्य सामग्री की उपलब्धता का प्रस्ताव दिया। धनंजय शर्मा ने कहा कि व्यापारी जिंदा रहेगा तो व्यापार करेगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल ठाकुर और रजनीश कौशल ने दवाओं की होम डिलीवरी पर जोर दिया। संचालन महामंत्री दलजीत सिंह ने किया। बैठक में नीरज त्यागी, सुधीर अग्रवाल, उज्जवल अरोड़ा, राजीव गुप्ता, गजेंद्र शर्मा, बाबूलाल गुप्ता, सुधांशु महाराज, अंकुर गोयल रहे।
ये भी पढ़ें-
. ऑक्सीजन का आपातकाल: अस्पतालों के बाहर तड़प रहे मरीज, मिल रहा सिर्फ इंतजार, तस्वीरें बयां कर रहीं सच्चाई
. मेरठ : कोरोना के 1245 मरीज मिले, रेलवे के मुख्य टिकट परीक्षक और राष्ट्रीय हॉकी अम्पायर का निधन