चांदपुर। शनिवार को समाधान दिवस पर आईं 72 शिकायतों में से केवल दो शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया, बाकी को आश्वासन मिला।
शनिवार को चांदपुर तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर दर्ज कुल 72 शिकायतों में से विद्युत विभाग की नौ, राजस्व विभाग की 40, पुलिस विभाग की 11, खंड विकास विभाग की पांच व सात अन्य विभागों की शिकायतें शामिल रहीं। उपजिलाधिकारी नितिन तेवतिया, पुलिस क्षेत्राधिकारी देश दीपक सिंह, तहसीलदार प्रभा सिंह, खंड विकास अधिकारी दिनेश पाल शर्मा, नायब तहसीलदार ओमकार सिंह सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
नाला निर्माण कराने की मांग
गांव अकबरपुर मजरा सैंदवार की महिलाओं व पुरुषों ने कहा कि गांव में गंदे पानी की निकासी के लिए नाला प्रमुख के कोटे से नाला बनाए जाना स्वीकृत है। ठेकेदार द्वारा नाला निर्माण कार्य शुरू किया, लेकिन कुछ लोगों ने नाला निर्माण का काम रुकवा दिया। महिलाओं ने नाला बनवाए जाने की मांग की है। शिकायत करने में चरन, सुभाष, छोटे लाल, सुमित कुमार, सुमित्रा, रेशमा, आदेश, मंतेश, सुनीता, ओमदई, रेखा, मदनपाल सिंह, हरीश कुमार, मनीषा आदि शामिल रहे।