सहायक शिक्षकों की भर्ती के लिए जुटेंगे 40 हजार अभ्यर्थी
मेरठ। लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश द्वारा 29 जुलाई (रविवार) को सहायक अध्यापक (प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी पुरुष/महिला शाखा) के लिए परीक्षा होने जा रही है। यह सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक चलेगी। इसके लिए मेरठ में 80 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे, जिनमें परीक्षा देने के लिए करीब 40 हजार अभ्यर्थियों के आने की उम्मीद है।
परीक्षा केंद्र बनाने की जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को दी गई है। हालांकि परीक्षा केंद्र बनाने को लेकर काफी परेशानी हो रही है। दरअसल, शहर में माध्यमिक शिक्षा परिषद के ऐसे 80 विद्यालय नहीं हैं, जिन्हें परीक्षा केंद्र बनाया जा सके। इसके लिए अब निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों से संपर्क किया जा रहा है, ताकि उन स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाएं जा सकें। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक ने शहर के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजा है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि मेरठ में पहली बार किसी परीक्षा को लेकर इतने केंद्र बनाए जाने हैं। इनसे पहले सबसे ज्यादा परीक्षा केंद्र 60 तक बनाए गए हैं।
वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी
परीक्षा केंद्र उन्हीं विद्यालयों को बनाया जाएगा, जिनमें सीसीटीवी कैमरे लगे हुए होंगे। दरअसल, परीक्षा के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। ऐसा नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यूपी बोर्ड की परीक्षा भी इस बार इसी तर्ज पर कराई गई थी।
तैयारियां की गई शुरू
परीक्षा कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत आने वाले स्कूल पर्याप्त नहीं हैं, लिहाजा निजी स्कूलों में भी परीक्षा केंद्र बनाएं जाएंगे। इसके लिए वार्ता चल रही है। जल्द ही तैयारी पूरी कर ली जाएगी। - गिरजेश चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक