मेरठ। नगर निगम में लिपिकों के पटल परिवर्तन को लेकर कर्मचारी नेता मंगलवार को नगरायुक्त से मिले। नगरायुक्त ने साफ कहा कि पहले लिपिक चार्ज लें, उसके बाद पटल परिवर्तन को लेकर विचार किया जाएगा।
पिछले सप्ताह नगरायुक्त मनोज कुमार के निर्देश पर अपर नगरायुक्त अलीहसन कर्नी ने 49 लिपिकों को इधर से उधर किया था। पटल परिवर्तन में लेखा विभाग को शामिल न किए जाने पर कर्मचारियों ने नाराजगी जतायी थी। उसके बाद कर्मचारी नेता अपर नगरायुक्त और प्रभारी कार्मिक से भी मिले थे। चार दिन बाद भी कोई परिवर्तन न होने पर मंगलवार को कर्मचारी संघ अध्यक्ष अनीस अहमद, लोकेश शर्मा आदि सहित करीब डेढ़ दर्जन कर्मचारी नगरायुक्त से कैंप कार्यालय पर मिलने पहुंचे।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि पटल परिवर्तन की सूची ठीक से तैयार नहीं की गयी है। जिसमें कर्मचारी नेताओं का भी ध्यान नहीं रखा गया है। साथ ही महिला लिपिकों का गलत तरीके से पटल परिवर्तन किया गया है। जिस पर नगरायुक्त ने दो टूक कहा कि शासन के निर्देश पर पटल परिवर्तन किए गए हैं। सभी लिपिकों को उन पदों पर पदभार ग्रहण करना होगा, जिन पर वे भेजे गए हैं। अगर किसी लिपिक का सूची में नाम गलती से चला गया है तो उस पर संज्ञान लिया जाएगा। नगरायुक्त के जवाब के बाद कर्मचारियों को निराशा हाथ लगी है।
खास बातें:
पटल परिवर्तन को लेकर नगरायुक्त से मिले कर्मचारी नेता, निराशा लगी हाथ