कार्रवाई में फंस सकता है सोफिया स्कूल
मेरठ। सोफिया गर्ल्स स्कूल को लेकर फर्म एंड सोसायटीज के डिप्टी रजिस्ट्रार सुभाष सिंह सख्त हो चले हैं। उन्होंने नोटिस न लेने पर इसे सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मामला बताते हुए कार्रवाई का संकेत दिया है।
सोफिया गर्ल्स स्कूल पर वित्तीय अनियमितताओं के साथ ही सोसायटी पंजीकरण के तहत हुई शर्तों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए डिप्टी रजिस्ट्रार सुभाष सिंह द्वारा नोटिस जारी किया गया है। सोमवार को डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय से यह नोटिस सोफिया गर्ल्स स्कूल में तामील कराने के लिए भेजा गया। लेकिन स्कूल के चपरासी ने न केवल गेट ही बंद रखा, बल्कि नोटिस लेने से भी इंकार कर दिया। इसके बाद नोटिस स्कूल गेट पर चस्पा करा दिया गया। इस मामले में डिप्टी रजिस्ट्रार का कहना है कि इस तरह का व्यवहार सरकारी काम में बाधा पहुंचाने की श्रेणी में आता है। चूंकि नोटिस में 29 मई तक का समय दिया गया है। इसलिए यदि 29 मई तक कोई जवाब नहीं आता है तो वह कार्रवाई करेंगे।
वहीं, सूत्रोें से पता चला है कि सोफिया गर्ल्स स्कूल की तरफ से नोटिस को प्राप्त करने के बजाय स्कूल प्रबंधन ने अपने सीए के माध्यम से उसकी सत्यापित प्रति डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय से शुल्क देकर प्राप्त करायी है। जिसे लेकर सोफिया प्रबंधन कोर्ट जाने की तैयारी कर सकता है।
खास बातें:
डिप्टी रजिस्ट्रार सोसायटीज के नोटिस को स्कूल के चपरासी ने लेने से किया इंकार