फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

62 में से केवल एक एटीएम में दम, बाकी बंद

Sun, 11 Dec 2016 02:04 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नोट बंदी के एक माह बाद भी लोगों को अपने ही बैंक खातों से पैसा नहीं मिल पा रहा है। सरकार सुधार का दम भर रही है। लेकिन हकीकत ये है कि घंटो बैंक की लाइन में लगने के बाद भी लोग खाली हाथ लौट रहे हैं। बैंकों में तीन दिन की छुट्टी ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अब तीन दिन तक लोग एटीएम के भरोसे हैं। लेकिन छुट्टी के पहले ही दिन शनिवार को एमटीएम का दम निकल गया। अमर उजाला ने शहर का दौरा कर मुख्य मार्गों पर लगे एटीएम चेक किए तो 62 में सिर्फ हापुड़ अड्डे पर एसबीआई के एक एटीएम में ही कैश था। अधिकांश एटीएम के शटर डाउन थे। जो खुले थे वे नो कैश होने पर मुंह चिढ़ा रहे थे।
विज्ञापन


फुटबाल चौक से नवीन मंडी गेट
टीपी एरिया और दिल्ली रोड पर एसबीआई, आईडीबीआई, सेंट्रल, यूनाइटेड, यूनियन, एचडीएफसी, एक्सिस और यस बैंक हैं, तो इन अधिकांश बैंकों के परिसर में ही एटीएम लगे हैं। इनमें से एक भी एटीएम चालू नहीं था। फुटबाल चौक पर एक्सिस बैंक का एटीएम तो महीनों से बंद पड़ा है।

बेगमपुल से बच्चा पार्क
इस क्षेत्र में शहर का बड़ा मार्केट है। कई बड़े शोरूम, इलेक्ट्रॉनिक शॉप हैं। ग्राहकों की संख्या भी काफी अधिक रहती है। कई बड़े बैंकों के 10 एटीएम इस सड़क पर हैं। लेकिन शनिवार को इनमें से एक भी एटीएम में कैश नहीं था। अधिकांश एटीएम के शटर बंद थे। यूको बैंक के एटीएम का आधा शटर डला था। यस बैंक का एटीएम खुला था। लोग आ रहे थे लेकिन कैश न होने पर मायूस लौट रहे थे।
विज्ञापन


ईव्ज चौराहे से हापुड़ अड्डा
इस क्षेत्र में अधिकांश मुस्लिम आबादी है। साथ ही कई बाजार हैं। ईव्ज चौराहे पर केनरा बैंक का एटीएम चालू था। लेकिन कैश नहीं था। आईडीबीआई का एटीएम आधा खुला था। यहां कुल सात एटीएम चेक किए गए। लेकिन इनमें से एक में भी कैश नहीं था। कुछ एटीएम की हालत से तो ऐसा लग रहा था कि यह कई दिनों से खुले ही नहीं।  हापुड़ अड्डा से भूमिया पुल
इस रोड पर भी अधिकांश मुस्लिम बहुल आबादी पड़ती है। इस रोड से कई मुस्लिम बस्तियां जुड़ी हैं। हापुड़ अड्डे का भगत सिंह मार्केट भी यहीं है। लेकिन यहां हापुड़ अड्डे पर एसबीआई के एटीएम में ही कैश मिल रहा था। यहां लोगों की लंबी लाइन थी। एचडीएफसी समेत बाकी बैंकों के एटीएम या तो बंद थे या उनमें कैश नहीं था।

भूमिया पुल से बागपत अड्डा
इस रोड पर ब्रह्मपुरी क्षेत्र पड़ता है। यहां दो में से एक पीएनबी के एटीएम का शटर खुला था। लेकिन चालू नहीं था। आसपास के लोगों ने बताया कि इसमें कई दिन से कैश ही नहीं डला है। लोग आते हैं और लौट जाते हैं।

फुटबाल चौक से मलियाना फाटक
बागपत रोड के इस एरिया में ट्रांसपोर्ट नगर का कुछ एरिया, गुरुनानक नगर, कमला नगर, शंभू नगर, दशमेश नगर, कन्हैया वाटिका सहित कई पॉश कालोनियां हैं। यहां चार एटीएम में से किसी में कैश नहीं था। एसबीआई, केनरा बैंक और ओबीसी के एटीएम उनकी बैंक शाखा परिसर में हैं। लेकिन तीनों बंद थे।

मेट्रो प्लाजा से बेगमपुल
इस रोड पर मेट्रो प्लाजा के इलेक्ट्रॉनिक मार्केट के अलावा घंटाघर, रोडवेज, सोतीगंज, सहित बेगमपुल का क्षेत्र पड़ता है। रानी मिल के बाहर कई क्लीनिक हैं। इस रोड पर 12 एटीएम में से एक में भी कैश नहीं था। रानी मिल के यस बैंक के एटीएम के बाहर लोग कैश के इंतजार में थे, लेकिन मायूसी मिली।
विज्ञापन


यह रही स्थिति
स्थान                                                      एटीएम    चालू     बंद
फुटबाल चौक से नवीन मंडी गेट दिल्ली रोड           20        0        20
मेट्रो प्लाजा से बेगमपुल -                               12         0        12
बेगमपुल से बच्चा पार्क                                  10          0        10
ईव्ज चौराहे से हापुड़ अड्डा                               7           0         7
हापुड़ अड्डा से भूमिया पुल                               7           1         6
भूमिया पुल से बागपत अड्डा                             2           0         2
फुटबाल चौक से मलियाना फाटक                     4           4         0
(केवल एसबीआई के एटीएम में ही कैश था)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें