ऑल इंडिया में छठवें से पहले नंबर पर पहुंचा मेरठ
- जिले में टॉप थ्री में छाए लड़के, टॉप-10 में लड़कियां
- मेरठ की टॉप-10 सूची में 32 लड़कियां और 20 लड़के
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट सोमवार को घोषित हुआ। परीक्षा परिणामों में इस बार मेरठ का जलवा रहा। पिछले साल जहां मेरठ ऑल इंडिया में छठवें नंबर पर था, तब मेरठ के तीन होनहार इस नंबर पर थे। लेकिन इस बार कमाल हो गया। ऑल इंडिया टॉपरों में एक मेरठ का लाल है, जबकि ऑल इंडिया में मेरठ के दो स्टूडेंट थर्ड टॉपर हैं।
पिछले साल आठ साल बाद अंक मिलने शुरू हुए थे। इससे पहले सीबीएसई में ग्रेडिंग और सीजीपीए सिस्टम था। 2018 में ग्रेडिंग और सीजीपीए सिस्टम खत्म कर मार्क्स सिस्टम लागू किया गया था। तब आर्मी पब्लिक स्कूल दयावती मोदी एकेडमी और ट्रांसलेम एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने 98.8 प्रतिशत अंक लाकर जिला टॉप किया था। तीनों विद्यार्थियों ने ऑल इंडिया व देहरादून रीजन के टॉप टेन में छठवां स्थान हासिल किया था। जिले में दूसरे स्थान पर तीन विद्यार्थियों ने कब्जा जमाया था।
ऑल इंडिया में मेरठ का नाम रोशन करने वाले टॉपर की बात करें तो वत्सल वार्ष्णेय के 499 अंक हैं। दीपांशु बिसारिया और शुभ अग्रवाल के 497-497 अंक हैं, यह दोनों मेरठ में दूसरे नंबर पर हैं, जबकि ऑल इंडिया में थर्ड टॉपर हैं। इसी तरह जिले में थर्ड टॉपर और ऑल इंडिया में फोर्थ टॉपर में 496 अंक पाने वालों में मेरठ से निकिता नेगी और अर्पिता बंसल हैं। जिले में फोर्थ और ऑल इंडिया में फिफ्थ टॉपर में 495 अंक पाने वालों में अनु चौहान और एश्वर्या करवाल हैं। मेरठ में पांचवें और ऑल इंडिया में साहिल तोमर 494 अंक के साथ टॉपरों की लिस्ट में छठे नंबर पर हैं। इनके अलावा सात स्टूडेंट्स के 493 अंक हैं, यह सभी मेरठ में छठे और ऑल इंडिया में सातवें नंबर पर हैं। छह स्टूडेंट्स के 492 अंक हैं, यह ऑल इंडिया में आठवें नंबर पर हैं और मेरठ में सातवें नंबर हैं। 16 छात्र-छात्राओं के 491 मार्क्स हैं, यह ऑल इंडिया में नौवें नंबर हैं और मेरठ में आठवें नंबर पर हैं। सात स्टूडेंट्स के 490 अंक हैं, यह ऑल इंडिया में 10वें नंबर हैं और मेरठ में नौवें नंबर हैं। इनकेअलावा मेरठ के टॉप 10 में 10वें नंबर आठ स्टूडेंट हैं इनके 489 अंक हैं, यह ऑल इंडिया में 11वें नंबर पर हैं।
---
लड़कियों ने फिर मारी बाजी
मेरठ के टॉप-10 में 52 लड़के-लड़कियां हैं। इसमें 32 लड़कियां हैं और 20 लड़के है। हालांकि टॉप थ्री में तीनों छात्र हैं। यूपी बोर्ड में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में भी लड़कियां ही आगे रही थीं। इसी तरह सीबीएसई 12वीं में भी छात्राओं ने ही बाजी मारी थी। पिछले कई सालों से मेरठ में यूपी बोर्ड हो या सीबीएसई, सभी में लड़कियां लड़कों से आगे रही हैं। साल 2017 में सीबीएसई 10वीं में प्रतिशत सिस्टम नहीं था, सीजीपीए था। पिछले साल यह शुरू हुआ तो फिर लड़कियां ज्यादा प्रतिशत लाईं।