मेरठ। ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी की घटना के बाद मेरठ में ऊंची इमारतों के निर्माण पर रोक लगा दी गई है। मंडलायुक्त अनीता सी. मेश्राम के निर्देश पर एमडीए वीसी ने सभी जोनल प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि बरसात के मौसम में ऊंची इमारतों में चल रहे निर्माण कार्य तत्काल बंद कराए जाएं।
वीसी एमडीए साहब सिंह ने रविवार को सभी जोनल प्रभारियाें, अभियंताओं को निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में एमडीए के चारो जोन में निरीक्षण किया जाए। अनाधिकृत निर्माण तो हर सूरत में बंद हो हीं। लेकिन जो निर्माण अधिकृत रूप से हो रहे हैं वह भी इस मौसम में बंद रहेंगे। बेसमेंट खुदाई पर विशेष निगाह रखी जाए। कहीं भी बेसमेंट के लिए खुदाई न हो। इस मौसम में यह खतरनाक हो सकता है। इसके अलावा यदि कहीं जर्जर भवन हैं तो उसकी भी सूचना तैयार करें। दरअसल मंडलायुक्त अनीता सी. मेश्राम ने बैठक कर इस बाबत निर्देश जारी किए। साफ कहा है कि यहां गंभीरता बरतनी होगी। शाहबेरी जैसी घटना की पुनरावृत्ति किसी भी सूरत में नहीं होनी चाहिए। शाहबेरी की घटना की जांच भी सरकार ने मंडलायुक्त मेरठ को ही सौंपी है।