छह माह में होगा दिल्ली पौड़ी हाईवे पर काम शुरू
मेरठ। मेरठ-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग-119 का चौड़ीकरण छह माह में शुरू हो जाएगा। इसके लिए एनएचएआई ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। साथ ही प्रशासन ने भी अधिग्रहण तथा अन्य विवादों को निपटाने की कवायद शुरू कर दी है। वहीं मेरठ में गंगानगर से निकलते ही फ्लाई ओवर की मांग भी शुरू हो गई है।
मेरठ पौड़ी मार्ग पर नजीबाबाद तक करीब 100 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग-119 को फोर लेन बनाने की कवायद जोरशोर से चल रही है। गजट हो चुका है और अवार्ड होना है। एनएचएआई नया प्रस्ताव भी जिला प्रशासन को भेज चुका है। हालांकि इस प्रस्ताव में कहा गया है कि हाईवे के चौड़ीकरण के लिए अभी और जमीन चाहिए।
कई जगह विवाद की स्थित
इस मार्ग पर जमीन के अधिग्रहण को लेकर कई जगह विवाद की स्थिति है। कई जगह पर अवैध कब्जे चिह्नित किए गए हैं। यहीं नहीं सरकारी जमीन को भी अपनी बताकर लोग मुआवजा मांग रहे हैं। हालांकि इसके लिए अभिलेखों में चिह्नाकरण किया जा रहा है। मेरठ जिले में हाईवे के किनारे के सभी 19 गांवों में बंजर, स्कूल, एनएचएआई, वन विभाग, तालाब, नजूल, खत्तों, चरागाह आदि की जमीन का चिह्नीकरण किया जा रहा है।
मेरठ के इन गांवों में होगा अधिग्रहण
मुजफ्फरनगर सैनी, इंचौली, मसूरी, बना, नंगली ईसा, मवाना खुर्द, भैंसा, सालारपुर, कौल, कौला कोहला, झुनझुनी, बसी वीरान, राजूपुर, फजेहपुर (हंसापुर), बहसूमा, सदरपुर, मोड़ खुर्द, सैफपुर, फिरोजपुर।
यह है हाईवे
अधिसूचना के मुताबिक मेरठ जिले में सैनी गांव से शुरू होकर मवाना के सैफपुर तक इसका चिह्नीकरण है। मेरठ में 16.5 किमी से 48.275 किमी अर्थात 32 किमी हाईवे फोर लेन हो जाएगा। यहां कुल 124.6009 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होना है। बाद में और जमीन के अधिग्रहण की अधिसूचना भी जारी की गई।
कुछ तथ्य
बजट 1250 करोड़
अधिग्रहण 230 हेक्टेयर
मेरठ में 124 हेक्टेयर
अधिग्रहीत प्रभावित गांव 69 गांव
मेरठ के गांव 19 गांव
कुल किसान 560
मेरठ में लंबाई 32 किमी
फिलहाल पूरे मार्ग पर पैच वर्क किया गया है। ठीक छह महीने में इस पूरे मार्ग का चौड़ीकरण शुरू हो जाएगा। हमारी तैयारी पूरी है। अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। प्रशासन स्तर पर भी काम तेजी से हो रहा है। डीके चतुर्वेदी जीएम, एनएचएआई