मजदूर राष्ट्र का मजबूत स्तंभ: कोछड़
कंकरखेड़ा। देशभक्ति विचार मंच के प्रदेशाध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह कोछड़ ने शिव चौक पर श्रमिकों के बीच जाकर मिष्ठान वितरित कर अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस मनाया। इस दौरान कोछड़ ने कहा कि जब तक मजदूरों के परिवारों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, आवास व मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलेंगी, देश तरक्की नहीं कर सकता। मजदूर राष्ट्र का मजबूत स्तंभ है। लोग आसमान पर घर तलाश कर रहे हैं और मजदूरों के पास जमीन पर घर नहीं हैं। सरकार मजदूरों के लिए ठोस व बुनियादी योजनाएं बनाए। इस दौरान धीर सिंह, संजीव आनंद, परमिंदर सिंह, बाबू खान, इकबाल सिंह, तेजभान सक्सेना, रवि सागर, कपिल डोगरा, रवि सागर आदि मौजूद रहे।
चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को सम्मानित किया
कंकरखेड़ा। श्रद्धापुरी स्थित तक्षशिला पब्लिक स्कूल में चेयरमैन डॉ. ओमपाल सिंह व प्रधानाचार्य कमल कुमार दीवान ने बच्चों को श्रमिक दिवस का महत्व बताया। कहा कि मजदूर दिन भर मेहनत करके हमारे आसपास स्वच्छ वातावरण स्थापित करता है। इनका कार्य अत्यंत ही महत्वपूर्ण हैं। इस दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वहीं, श्रद्धापुरी स्थित एमपीएस में भी श्रमिक दिवस मनाया गया। प्रधानाचार्या सोनू साहनी ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सम्मानित किया।