डायवर्ट की गई बाहरी रूट की रोडवेज बसें
मेरठ। शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर बाहरी रूट की रोडवेज बसों को डायवर्ट कर दिया गया। इस दौरान कुछ स्थानों पर शहर में बाहरी बसें आती रहीं। एसपी ट्रैफिक का कहना कि ट्रैफिक पुलिस वीआईपी ड्यूटी में लखनऊ गई है। जल्द ही बाहरी बसों पूरी तरह रोका जाएगा।
एसपी ट्रैफिक के अनुसार डायवर्जन व्यवस्था सुबह छह बजे से रात्रि आठ बजे तक की गई है। आगरा, अलीगढ़ से आने वाली रोडवेज की बसें, जिन्हें मुजफ्फरनगर, हरिद्वार, देहरादून की तरफ जाना है। इन बसों को एल ब्लॉक शास्त्रीनगर से तेजगढ़ी चौराहा, कमिश्नरी आवास चौराहे से जीरो माइल होकर भेजा जा रहा है। बसों को रोकने लिए एल ब्लॉक शास्त्रीनगर तिराहा, तेजगढ़ी चौराहा, जीरो माइल, परतापुर तिराहा और मोदीपुरम तिराहे पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।
दिल्ली व गाजियाबाद की ओर से आने वालीं रोडवेज बसें, जिन्हें मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार व देहरादून की ओर जाना है। इन बसों को परतापुर बाईपास तिराहे से एनएच- 58 की ओर भेजा जा रहा है। देहरादून, हरिद्वार, सहारनपुर व मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाली रोडवेज बसें, जिन्हें गाजियाबाद व दिल्ली की ओर जाना है। इन बसों को मोदीपुरम बाईपास से एनएच- 58 के रास्ते भेजा जा रहा है।