मेरठ। आगामी 21 जून को कैलाश प्रकाश स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन होगा। इसकेे मद्देनजर बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी, जिसमें इस दिवस को महोत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि वह जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऑइकॉन, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भी योग दिवस में भागेदारी सुनिश्चित कराएं।
बचत भवन सभागार में आयोजित बैठक में डीएम समीर वर्मा ने कहा कि इस दिवस की कार्ययोजना अभी से बनाकर योग दिवस को भव्यता एवं सफलता के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह लोगों को योग के प्रति जागरूक करें। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि यह दिवस धूमधाम से हो और इसमें सभी जनपदवासियों की भागीदारी हो। जनमानस को योग के फायदे बताने के साथ उन्हें योग को दैनिक जीवन में उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। कहा कि योग भारत में ऋषि मुनियों की परंपरा की देन है, जो मानव को मानसिक एवं शारीरिक तौर पर मजबूत बनाता है।
तीन हजार लोग करेंगे प्रतिभाग
डीएम ने बताया कि स्टेडियम में 21 जून को योग प्रात: सात बजे से सुबह आठ बजे तक कराया जाएगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए लोगों को प्रात: छह बजे उपस्थित होना होगा। इस दिन स्टेडियम में करीब तीन हजार लोगों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा, जिसमें 250-250 लोगों के ब्लॉक बनाए जाएंगे। वहां वालंटियर भी तैनात होंगे।
चिकित्सा कैंप, पार्किंग
उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि वह स्टेडियम तक चिकित्सा कैंप की व्यवस्था करें, जिसमें सभी आवश्यक दवाओं सहित डॉक्टरों व स्टाफ, के अलावा एंबुलेंस की भी व्यवस्था सुनिश्चित करें। डीएम ने बताया कि योग दिवस में भाग लेने वालों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था रहेगी। इस अवसर पर आर्मी एवं पीएसी के बैंड द्वारा देशभक्ति के संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
हेल्पलाइन नंबर जारी
डीएम ने आर्ट ऑफ लिविंग के पदाधिकारियों, शिक्षा विभाग, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ योग दिवस को पूर्ण भव्यता के साथ आयोजित कराने हेतु व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की गहनता से समीक्षा की। कहा कि योग दिवस में प्रतिभाग करने के लिये अधिक जानकारी हेतु अपर जिलाधिकारी (वित्त) कार्यालय के दूरभाष संख्या 0121-2662390 तथा आर्ट ऑफ लिविंग के पदाधिकारी निकुंज गर्ग के मोबाइल नंबर 09837008018 पर संपर्क किया जा सकता है।
सभी से भागीदारी की अपील
जिलाधिकारी ने समस्त क्लब, बैंकर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापार मंडल, उद्यमी, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, शिक्षकों, छात्रों, अधिकारियों, फिल्मकारों, पत्रकारों, साहित्यकारों एवं समस्त प्रबुद्धजनों से अपील की है कि वे योग दिवस को सफल बनाने के लिए भागेदारी करें। बैठक में सीडीओ आर्यका आखौरी, एडीएम एफआर गौरव वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट एमपी सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आले हैदर, क्षेत्रीय शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार यादव, जिला युवा कल्याण अधिकारी, समन्वय नेहरू युवा केंद्र, विवि के स्पोर्ट्स अधिकारी डॉ. गुलाब सिंह रूहेला, आर्ट ऑफ लिविंग के पदाधिकारी निकुंज गर्ग आदि मौजूद रहे।
खास बात
- कैलाश प्रकाश स्टेडियम में होगा सुबह 7 बजे से सुबह 8 बजे तक आयोजन
- डीएम ने की बचत भवन में समीक्षा बैठक, महोत्सव की तैयारियां शुरू