जिला पंचायत के पहले चरण में होने वाले सात वार्डों के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले दिन कुल 57 प्रत्याशियों ने 65 पर्चे दाखिल किए। सबसे पहला नामांकन वर्तमान जिला पंचायत सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने वार्ड 15 से दाखिल किया। उसके बाद एक-एक कर लगातार एडीएम (प्रशासन) कोर्ट में नामांकन पत्र दाखिल करने वालों की लाइन लगती गयी। शाम चार बजे तक नामांकन पत्र दाखिल हुए। आठ प्रत्याशियों ने दो-दो पर्चे दाखिल किए। मंगलवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है।
जिला पंचायत चुनाव जनपद में चार चरण में हो रहा है। पहले चरण में रोहटा, जानी और मेरठ ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव हैं। प्रथम चरण के चुनाव को 28 व 29 सितंबर को नामांकन होना है। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक नामांकन प्रक्रिया का समय निर्वाचन आयोग ने तय किया है। लेकिन सोमवार को पहले दिन सुबह 10.30 बजे तक किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।
करीब 10.45 बजे पहला नामांकन वार्ड 15 से प्रत्याशी वर्तमान जिला पंचायत सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने दाखिल किया। एडीएम (फाइनेंस) और निर्वाचन अधिकारी गौरव वर्मा ने नामांकन पत्र प्राप्त किए। उनके साथ कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री सतेंद्र भराला, जिला महामंत्री शिवकुमार राणा, पंकज भराला और युधिष्ठिर सिंह मौजूद रहे। इसके बाद पर्चे दाखिल करने वालों की लाइन लग गयी। सोमवार को पर्चा दाखिल करने वालों में वार्ड 19 से वर्तमान जिला पंचायत सदस्य सुनीता चौधरी और उनके पति योगेंद्र सिंह भी रहे। वहीं, वार्ड 21 से भाजपा समर्थित प्रत्याशी कुसुम का पर्चा दाखिल कराने के लिए विधायक रविंद्र भड़ाना, जिला प्रभारी प्रताप गुर्जर आदि नेता साथ पहुंचे।