शामली। जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को दूसरे चरण के अंतिम दिन की यूपी पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा कड़ी चौकसी के बीच हुई। परीक्षा दो पालियों में हुई। 10080 पंजीकृत अभ्यर्थी में से सभी केंद्रों पर 5464 ने परीक्षा दी और 4616 ने परीक्षा छोड़ी। परीक्षा के दौरान डीएम व एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हर अभ्यर्थी की मुख्य गेट के अलावा अंदर भी गहन चेकिंग की गई।
शनिवार को पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित हुई। सुबह 8 बजे से केंद्रों के अंदर अभ्यर्थियों को पहले मैटल डिटेक्टर, बायोमेट्रिक और आंखों की जांच के साथ ही केंद्र के अंदर जाने दिया गया। सभी 13 केंद्रों पर 5040 पंजीकृत रहे। 2750 ने परीक्षा दी और 2290 ने परीक्षा छोड़ी। वहीं दूसरी पाली तीन बजे से पांच बजे तक चली। एक बजे से अभ्यर्थियों को केंद्र के अंदर भेजना शुरू किया गया। सभी केंद्रों पर 5040 पंजीकृत रहे। इसमें 2714 ने परीक्षा दी और 2326 ने परीक्षा छोड़ी। परीक्षा केंद्रों का पर्यवेक्षक रफीक अहमद, एसपी रामसेवक गौतम, डीएम रविंद्र सिंह, एएसपी संतोष कुमार सिंह, एडीएम संतोष कुमार, डीआईओएस जेएस शाक्य व स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने केंद्रों का निरीक्षण कर जायजा लेते हुए व्यवस्थाएं देखी। सभी केंद्रों पर परीक्षा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। वहीं, कैराना, कांधला और थानाभवन के परीक्षा केंद्रों पर अधिकारियों ने पहुंचकर जायजा लिया। किसी भी केंद्र पर कोई फर्जी अभ्यर्थी नहीं मिला।
पांच दिवसीय परीक्षा में कितने रहे उपस्थित, कितने रहे अनुपस्थित
परीक्षा तिथि पंजीकृत संख्या उपस्थित अनुपस्थित
23 अगस्त 10080 4946 5134
24 अगस्त 10080 5073 5007
25 अगस्त 10080 5167 4913
30 अगस्त 10080 5398 4682
31 अगस्त 10080 5464 4616
कुल योग 50400 26048 24352
नोट-यह जानकारी प्रशासन केे द्वारा दी गई है।
सोशल मीडिया पर रही कड़ी निगरानी
परीक्षा को लेकर यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस व डायल-112 पीआरवी ने भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर नजर रखी। पुलिस मीडिया सेल ने टेलीग्राम, एक्स, फेसबुक व व्हाट्सएप सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी की। एसटीएफ, स्वाॅट टीम, एसओजी, क्राइम ब्रांच और साइबर सेल ने साॅल्वर गैंग, नकल माफिया व अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी की।
स्ट्रांग रूम से कड़ी सुरक्षा में केंद्र पर पहुंचे प्रश्नपत्र
स्ट्रांग रूम से प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा पहरे में मजिस्ट्रेट की निगरानी में केंद्रों पर पहुंचे। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस सुबह से ही देर रात तक मुस्तैद रही। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार, भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
शहर के अंदर और बाईपास पर पुलिस बल रहा तैनात
शहर के मुख्य मार्ग व शहर के अंदर और बाईपास पर भी अभ्यर्थियों को जानकारी देने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। किसी भी अभ्यर्थी की परीक्षा न छूटे इसके लिए पुलिस कर्मी बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों के बारे में जानकारी देते रहे।
परीक्षा केंद्रों के पास बैठे परिजनों को पुलिस ने हड़काया
पुलिस भर्ती बोर्ड के निर्देशों के चलते पुलिस ने परीक्षा दिलाने पहुंचे परिजनों को परीक्षा केंद्र के पास से हड़काते हुए 100 मीटर दूर भेजा।
दोनों पाली में परीक्षा छूटते ही शहर में बनी जाम की स्थिति
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के छूटते ही शहर में जाम की स्थिति रही। जिसमें शहर के करनाल रोड, विजय चौक, अजंता चौक, वीवी रोड, माजरा रोड, लिलौन रोड पर अभ्यर्थियों की भीड़ रही। जिसके बाद यातायात पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।
आधार सत्यापन कराने के लिए 2.30 घंटे पहले पहुंचे अभ्यर्थी
पुलिस भर्ती परीक्षा में हुई धांधली के बाद बोर्ड और सरकार सख्त है। पुलिस भर्ती बोर्ड ने आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों के आधार कार्ड का ब्योरा मांगा था। जिन अभ्यर्थियों ने आधार कार्ड का ब्योरा आवेदन से नहीं हो पा रहा है, उनको परीक्षा केंद्र पर आधार सत्यापन कराने के लिए ढाई घंटे पहले बुलाया गया।
परीक्षा के बाद बसों और ट्रेन में भी हुई अभ्यर्थियों की परीक्षा
पुलिस अभ्यर्थियों के लिए राज्य सरकार ने बस में निशुल्क यात्रा के निर्देश दिए हैं। जिसके चलते परीक्षा छूटने के बाद दिल्ली व आसपास के जनपदों के अभ्यर्थी रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचे और अपने घरों की ओर जाने के लिए बसों में सीट के लिए आपाधापी मची रही। सबसे ज्यादा भीड़ दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर व मुजफ्फरनगर को जाने वाली बस में नजर आई। वहीं राजस्थान व बिहार व मध्य प्रदेश जाने वाले अधिकतर अभ्यर्थी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। राजस्थान जाने वाले अभ्यर्थी रात को 9 बजे दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के इंतजार में बैठे रहे। स्टेशन पर पूरी भीड़ उमड़ी रही।
देरी से पहुंचने पर दिल्ली की युवती की छूटी परीक्षा
शहर के वीवी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सुबह की पाली में दिल्ली की युवती पायल परीक्षा केंद्र पर 9 बजकर 58 मिनट पर पहुंची। जिसके चलते ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने महिला अभ्यर्थी को केंद्र के अंदर जाने से रोक दिया। पायल ने बताया कि उसकी बस खराब हो गई थी। जिसके बाद युवती लौट गई।