-बिजनौर के आर्य वैदिक कन्या इंटर कॉलेज में बने केंद्र पर दूसरी पाली में पकड़ गया बुलंदशहर का युवक
- शुक्रवार को मुजफ्फरनगर में भी दे चुका था परीक्षा, गाजियाबाद और बुलंदशहर के पते पर किए थे दो आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बिजनौर के आर्य वैदिक कन्या इंटर कॉलेज में बनाए गए केंद्र पर दूसरी बार पुलिस भर्ती परीक्षा दे रहे बुलंदशहर के अनिल कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वह शुक्रवार को भी मुजफ्फरगर के डीएवी कॉलेज में पुलिस भर्ती की परीक्षा दे चुका था। अब बिजनौर में परीक्षा देते हुए केवाईसी से मामला पकड़ में आ गया। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
बुलंदशहर की शिकारपुर तहसील के गांव हजरतपुर के रहने वाले अनिल कुमार (24) पुत्र हरि सिंह ने पुलिस सिपाही भर्ती की परीक्षा के लिए दो आवेदन किए थे। एक आवेदन अपने मूल पते पर किया जबकि दूसरे आवेदन में गाजियाबाद का पता अंकित किया। गाजियाबाद के पते वाले आवेदन पत्र के आधार पर 30 अगस्त को उसने मुजफ्फरनगर के डीएवी कॉलेज में दूसरी पाली में परीक्षा दी।
गांव के पते के आधार पर उसे परीक्षा केंद्र बिजनौर का आर्य वैदिक कन्या इंटर कॉलेज मिला। दोनों ही आवेदन में उसने आधार कार्ड नहीं लगाया था। अब शनिवार को बिजनौर में परीक्षा देने आया। उसकी केवाईसी की गई, इसके बाद उससे फार्म आठ और 16 भरवाए गए। इसके आधार पर दोबारा परीक्षा में शामिल होने की जानकारी लगते ही लखनऊ से इनपुट मिला।
इसके बाद परीक्षार्थी अनिल कुमार को गिरफ़्तार कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह गाजियाबाद की एक एक्सपोर्ट कंपनी में नौकरी करता है, जिसके पते पर ही दूसरा आवेदन किया था। एक आवेदन पत्र में उसकी जन्मतिथि दस अक्तूबर 1996 है जबकि दूसरे आवेदन में जन्मतिथि दस मई 2001 दर्ज है।
उम्र घटाने के लिए दो बार किया हाईस्कूल
पकड़े गए आरोपी ने हाईस्कूल की परीक्षा भी दो बार दी है। एक बार साल 2013 में हाईस्कूल की परीक्षा दी थी, दूसरी बार वह साल 2019 में हाईस्कूल की परीक्षा में शामिल हुआ। बताया कि उम्र को कम करने के लिए उसने दोबारा परीक्षा दी। पुलिस अभी पड़ताल में जुटी है। आरोपी ने बताया कि मुजफ्फरनगर में परीक्षा देते हुए उसका पेपर अच्छा नहीं हुआ था। अब शायद पास होने लायक नंबर मिल जाए, इसके लिए बिजनौर में दोबारा परीक्षा देने चला आया।