छप्पर में आग से एक मवेशी की मौत, तीन झुलसे
मवाना। नगर के एक मोहल्ले में बुधवार को एक व्यक्ति के छप्पर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इससे छप्पर के नीचे बंधे तीन मवेशी झुलस गए और एक मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित ने मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया।
नगर के मोहल्ला तिहाई निवासी सत्यवीर सिंह पुत्र खेमचंद ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर में बैठा था। मोहल्ले के लोगों ने जानकारी दी कि उसके छप्पर में आग लग गई। इसकी जानकारी पाकर वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा। उन्होंने मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक तीन मवेशी बुरी तरह झुलस चुके थे, जबकि एक मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। तहसीलदार अशोक गुप्ता व पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने बताया कि आग लगने की वजह की जानकारी नहीं है। मोहल्ले के लोगों ने पीड़ित को मुआवजा दिए जाने की मांग की है। तहसीलदार अशोक गुप्ता ने बताया कि पीड़ित को मुआवजा दिए जाने को लेकर रिपोर्ट बनाकर भेज दी जाएगी।