लग्जरी गाड़ी में बद्दो को बैठाकर तेजी से भागे बदमाश
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद हुई एक संदिग्ध गाड़ी
जांच में जुटी मेरठ पुलिस, पंजाब पुलिस को दी जानकारी
मेरठ। होटल मुकुट महल से कुख्यात बदन सिंह बद्दो को ले जाने वाले लोकल लोगों के साथ पंजाब के बदमाश थे। उन्हीं की लग्जरी गाड़ी में बैठकर बद्दो दिल्ली की ओर फरार हुआ। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक संदिग्ध गाड़ी कैद हुई है। उसकी जांच में पुलिस जुटी है। इस संबंध में मेरठ पुलिस ने पंजाब पुलिस से भी संपर्क साधा है।
बदन सिंह बद्दो के साथ फर्रुखाबाद से मेरठ का सपा कार्यकर्ता एहतेशाम इलाही, जवाहर लाल और शिशुपाल के अलावा दूसरी गाड़ी में पंजाब के बदमाश साथ-साथ थे। बद्दो ने मुरादाबाद में हवेली होटल से भी भागने का प्रयास किया था, लेकिन कामयाब नहीं हो पाया। उसके बाद बद्दो ने पंजाब के बदमाशों से कहा कि मैं फर्रुखाबाद के पुलिसकर्मियों को लेकर मेरठ मुकुट महल होटल आ जाऊंगा। इसके बाद पंजाब के बदमाशों ने मेरठ में अपनी फील्डिंग जमाई। बृहस्पतिवार सुबह ही बदमाश मेरठ में होटल मुकुट महल पहुंच गए। वह लगातार फोन पर एक दूसरे के संपर्क में रहे। बद्दो ने कहा कि मैं होटल से अकेला आऊंगा। बद्दो ने ऐसा ही किया। होटल के अंदर से आकर पंजाब के बदमाशों की गाड़ी में बैठा। जहां से बदमाश उसको लेकर फरार हुए।
फुटेज खंगाल रही पुलिस
बदमाशों के साथ बद्दो कहां तक रहा, इसकी जांच पुलिस ने शुरू की है। बद्दो अपने गुर्गों के साथ है या फिर विदेश भाग गया, इसकी पड़ताल भी पुलिस कर रही है। होटल के कैमरे की फुटेज भी पुलिस देख रही है, ताकि किसी बदमाश की पहचान हो सके।
रूट पर पुलिस का फोकस
पुलिस ने बताया कि बद्दो दिल्ली रोड से गया है। आगे जाकर उसने कौन सा रूट पकड़ा, इसकी जांच करने में एसटीएफ लगी है। कई जगहों के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। पुलिस का कहना है कि उनको देखना है कि बद्दो को बदमाश कहां तक लेकर गए हैं।