आज है हाईस्कूल-इंटरमीडिएट का पहला पेपर
नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराना होगा चुनौती
107 परीक्षा केंद्र, 14 संवेदनशील
200 मीटर के दायरे में लगाई गई धारा-144
मेरठ। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बृहस्पतिवार से शुरू हो रही हैं। सात फरवरी को हाईस्कूल में संगीत गायन और इंटरमीडिएट में काष्ठ शिल्प, सिलाई, मनोविज्ञान, तर्क शास्त्र और शिक्षा शास्त्र के पेपर हैं। पहले दिन परीक्षा 11 केंद्रों पर होगी। वैसे परीक्षा के लिए 107 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 14 केंद्र संवेदनशील हैं, पिछले बार छह केंद्र संवेदनशील थे।
जिले को परीक्षा के लिहाज से 19 सेक्टरों में बांटा गया है। परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में धारा-144 लगा दी गई है। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराना चुनौती होगा। नकल करते और कराते पकड़े जाने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इस बार पिछले साल के मुकाबले दो परीक्षा केंद्र कम बनाए गए हैं। छह सचल दल बनाए गए हैं, जिनमें हर एक में पांच-पांच सदस्य होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश चौधरी ने बताया कि सभी केंद्रों पर वॉइस रिकॉर्डिंग वाले सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए गए हैं।
यह है तैयारी
सेक्टर-19
जोनल मजिस्ट्रेट-8
सेक्टर मजिस्ट्रेट-19
स्टेटिक मजिस्ट्रेट-107
सचल दल- 6
जेडी स्तर से चार सचल दल
चार सचल दल जेडी स्तर से रहेंगे, जो सचल दल की भी निगरानी करेंगे।
परीक्षार्थी 83787 (हाईस्कूल-43917, इंटरमीडिएट-39870)
2558 परीक्षार्थी रहेंगे व्यक्तिगत
इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षा में 2558 परीक्षार्थी रहेंगे। इनमें हाईस्कूल में 629 हैं और इंटरमीडिएट में 1929 परीक्षार्थी। पिछले साल परीक्षार्थियों की संख्या ज्यादा थी, जिनमें इंटरमीडिएट में 2084 और हाईस्कूल में 1212 परीक्षार्थी थे।
बेफिक्र होकर दें परीक्षा
बोर्ड की परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में तनाव रहता है। परीक्षा की तैयारी होने के बाद भी मन में डर सा रहता है। लेकिन मनोचिकित्सकों का कहना है कि अगर बेफिक्र होकर परीक्षा दें तो अच्छे अंक पा सकते हैं। जिला अस्पताल के मनोचिकित्सक डॉ. कमलेंद्र किशोर का कहना है कि एग्जाम में बैठने से पहले घबराना नहीं चाहिए। शांत मन से और बेफिक्र होकर परीक्षा देनी चाहिए। एग्जाम में तनाव जितना कम लेंगे, उतना ही बेहतर तरीकेसे परीक्षा दे सकेंगे और रिजल्ट पर भी इसका असर पड़ेगा।
टिप्स
- सबसे पहले पेपर को सही से पढ़ें
- पहले से पढ़े कोर्स को रिवाइज करें
- कुछ नया पढ़ने की कोशिश में न उलझें
- पेपर से पहले मन में कोई टेंशन न लें
परीक्षा का समय
पहली पाली सुबह आठ बजे से सवा 11 बजे तक।
दूसरी पाली दोपहर दो बजे से सवा पांच बजे तक।
17 जिलों में 10 लाख 91 हजार 312 देंगे परीक्षा
इस बार यूपी बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले 17 जिलों के 10 लाख 91 हजार 312 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। यह जिले हैं आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, हापुड़, सहारनपुर, गौतमबुद्धनगर, मुजफ्फरनगर और शामली हैं। इस साल इन जिलों के व्यक्तिगत (प्राइवेट) परीक्षार्थियों में हाईस्कूल के 5424 हैं, जबकि इंटरमीडिएट में 17 हजार 265 परीक्षार्थी। संस्थागत परीक्षार्थियों की बात करें तो हाईस्कूल में पांच लाख 92 हजार 283 हैं, जबकि इंटरमीडिएट में चार लाख 99 हजार 029 हैं।