मवाना। ढिकौली-बिराना के जंगल में तेंदुआ देखे जाने से दहशत के चलते किसान जंगल में नहीं जा रहे हैं। जिस कारण किसान समय से गन्ने की छिलाई नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने बुधवार को हाथों में लाठी-डंडे एवं हथियार लेकर जंगल में तेंदुए की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। आरोप है कि जानकारी देने के बावजूद वन विभाग के अधिकारी मौके पर जांच करने नहीं पहुंचे।
बताते चलें कि ढिकौली निवासी रमेश ने दो दिन तक अपने खेत के समीप सरसों के खेत में तेंदुए जैसा जंगली जानवर देखा था। इसके बाद इसकी जानकारी गांव एवं आसपास में फैल गई। जंगल में तेंदुआ होने की जानकारी पाकर मजदूरों ने गन्ने की छिलाई बंद कर दी। वहीं, किसान भी रखवाली के लिए रातों में खेतों में नहीं जा रहे हैं। किसान रमेश, निश्चल, विनोद, हरपाल, अंकित, लविश आदि ने बताया कि रातों में ग्रामीण अपने पशुओं को घर के अंदर बांधकर सो रहे हैं। वहीं, बच्चों को घर से अकेला भेजने से भी ग्रामीण कतरा रहे हैं।